हरियाणा में रविवार (10 मई) को नगर निगम और अन्य शहरी निकायों में मतदान जारी है. राज्य के कई प्रमुख शहरों में सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी. अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर और वार्ड पार्षदों के चुनाव हो रहे हैं. इसके अलावा, रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के लिए वोट डाले जाने हैं. रोहतक के सांपला, रेवाड़ी के धारूहेड़ा और हिसार के उकलाना में भी नगर समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. निकाय चुनाव के नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे.
7 शहरों में 8.70 लाख वोटर करेंगे फैसला
कुल 7 शहरों में 'स्थानीय सरकार' चुनने के लिए 8.70 लाख से अधिक मतदाता वोट करेंगे. कुल 826 मतदान केंद्रों पर ईवीएम से वोट डाले जाएंगे. हालांकि, वीवीपैट नहीं होने से यह पता नहीं चल सकेगा कि वोट ठीक गया या नहीं. चुनाव के लिए 6 हजार से अधिक कार्मिकों की तैनाती भी की गई है. नगर निकाय चुनावों में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका है, जब दोनों पार्टियां आमने-सामने हैं. इस चुनाव में सीएम नायब सैनी व पूर्व सीएम भूपेद्र सिंह हुड्डा की प्रतिष्ठा भी दांव पर है.
टोहाना समेत कई परिषद में उपचुनाव भी
टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और सढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी कराए जा रहे हैं. राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने बताया कि है कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. इनमें स्पष्ट साइनबोर्ड, हेल्प डेस्क समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं.
पंचकूला में निगम मेयर और 20 वार्डों के प्रत्याशियों के लिए वोट डाले जा रहे हैं.
दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. रैंप और व्हीलचेयर जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया आसानी से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ेंः हिंदू और मुस्लिम महिलाओं ने मंदिर में एक-दूसरे से की शादी, रिश्तेदारों से बताया- जान का खतरा














