- हरियाणा के झज्जर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट पति ने अपनी बैंक कर्मचारी पत्नी की हत्या की है, आरोपी गिरफ्तार है
- पति ने पहले वेलेंटाइन डे मनाया और फिर पत्नी को कैंची से प्रेग्नेंट अवस्था में मार डाला था
- पीड़ित महिला की शादी पिछले साल सितंबर में हुई थी और वह दो महीने की गर्भवती थी
आज के दौर के क्राइम और उससे जुड़ी कहानियां वाकई हैरान कर रही हैं,पति पत्नी का सगा नहीं,पत्नी पति की सगी नहीं,बेटा मां की जान कजा दुश्मन बन बैठा है तो पिता अपनी बेटी का ही दुश्मन बन रहा. किसके मन में क्या चल रहा है,कुछ पता नहीं चलता. हरियाणा के झज्जर की ही घटना गौर करिए. यहां पेशे से सीए पति ने अपनी बैंक कर्मचारी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है पर उसका कहना है कि पत्नी दोस्तों से बात करती थी और अवैध संबंध का भी उसे शक था. अब इस मामले में एक और बात पता चली है.
वेलेंटाइन डे मनाने के बाद मार डाला
झज्जर के इस हत्याकांड में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खूनी पति ने पत्नी की हत्या की साजिश पहले ही रच ली थी. गौर करने वाली बात यह है कि पति ने पहले पत्नी के साथ वेलेंटाइन डे मनाया और उसके बाद कैंची से उसकी जान ले ली.पत्नी दो महीने की प्रेगनेंट भी थी. दोनों की पिछले साल 25 सितंबर को ही शादी हुई थी.
पति गिरफ्तार,पत्नी के भाई ने क्या बताया?
पत्नी महक के भाई अक्षय ने बताया कि उसकी छोटी बहन की शादी 25 सितंबर 2025 को अंशुल धवन पुत्र रमेश धवन निवासी सेक्टर-33, हिसार के साथ हुई थी.महक एचडीएफसी बैंक,गुड़गांव में कार्यरत थी,जबकि उसका पति वहीं पर चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में काम करता था.शिकायतकर्ता के अनुसार,14 फरवरी को दोनों हिसार में थे और रविवार शाम करीब 7 बजे कार से गुड़गांव के लिए रवाना हुए थे.रात लगभग 10 बजे अंशुल के पिता रमेश ने फोन कर हादसे की सूचना दी.सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि महक के शव पर तेजधार हथियार के गहरे निशान थे.
परिजनों का आरोप-ये तो हत्या है
परिजनों ने आरोप लगाया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है.शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति अंशुल पहले भी महक के साथ झगड़ा करता था और उसके चरित्र पर शक जताता था कि वह अपने दोस्तों से बात करती है.इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की.मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सबूत जुटाए.
प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को हादसे की कहानी संदिग्ध लगी.वैज्ञानिक तरीके से जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास सामने आए.इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई उजागर हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आज अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी.मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.














