हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में आज एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया. देश की सुरक्षा में तैनात वायु सेना में काम करने वाले एक अधिकारी बीते दो माह से अपने बेटे की संदिग्ध मौत के मामले पर पुलिसिया कार्रवाई को लेकर न्याय की गुहार लगाने के लिए आज (शुक्रवार) हरियाणा के केबिनेट मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंचा.
तीसरी मंजिल से गिरकर हुई थी बेटे की मौत
भारतीय वायु सेना की आकाश डिफेंस मिसाइल यूनिट में डिप्टी इंजीनियर के पद पर तैनात 24 वर्षीय राहुल की 6 फरवरी को अंबाला के महेश नगर स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. राहुल वहां किराए पर रह रहा था. घटना के समय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन मौत की गुत्थी आज तक अनसुलझी रही.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक राहुल के पिता वी.के. मिश्रा, जो खुद वायु सेना में अधिकारी हैं, कैबिनेट मंत्री से मिलने पश्चिम बंगाल से अंबाला पहुंचे थे. यहां उन्होंने मंत्री अनिल विज से जनता दरबार में उनसे मिलकर बेटे के लिए को बताया कि उनके बेटे की मौत महज एक हादसा नहीं बल्कि हत्या है. उन्होंने मकान मालिक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौके से सबूत मिटाने की कोशिश की गई. पिता ने कहा कि शुरुआत में मकान मालिक ने बेटे को पहचानने से इनकार किया, लेकिन बाद में उसी के कमरे से चादर लाकर शव को ढका. कमरे में मौजूद साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ हुई है.
SHO को फोन पर लगाई फटकार
परिजनों का दर्द सुनकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तुरंत महेश नगर थाना प्रभारी (SHO) को फोन मिलाया. विज ने कड़े लहजे में मामले में तुरंत FIR दर्ज कर संदिग्ध मौत के एंगल से गहनता से जांच करने की बात कहा. साथ ही सख्त लहजे में SHO को फोन परस्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
विज की फटकार के बाद नरम पड़े SHO के तेवर
इस मामले में SHO जितेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि महेश नगर थाना क्षेत्र में 6 फरवरी को एक लड़के की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी, जिसका पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया था लेकिन आज दोबारा मृतक राहुल के परिजनों ने उन्हें एक लिखित शिकायत दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि उसके बेटे की गिरकर मौत नहीं हुई थी बल्कि उसे किसी ने गिराया गया है जिस कारण उसकी मौत हो गई. SHO ने बताया की इस मामले में मामला दर्ज करके एक बारी फिर गहराई से जांच की जायेगी और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें; दुष्यंत चौटाला की गाड़ी के आगे अड़ाई बोलेरो, फिल्मी स्टाइल में दबोचने की कोशिश गाड़ी से लटके पूर्व डिप्टी सीएम














