गुरुग्राम में युवक ने 21 मई को लिव इन पार्टनर के रूम में ले जाकर पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने 24 मई को लाश बरामद की. आरोपी पति अंकित पत्नी मधु को स्कूटी पर बैठाकर अपनी गर्लफ्रेंड के घर ले गया था. गर्लफ्रेंड के घर पर पत्नी की हत्या के बाद शव बाथरूम में बंद कर दिया, और उस पर ताला लगाकर अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया. कमरे से बदबू आने के बाद जब लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़ी लाश बरामद की.
ससुर को बताया- आपकी बेटी गहने लेकर भाग गई
पुलिस के मुताबिक, मधु के पिता अशोक ने अरोप लगाया कि 21 मई को अंकित और उसके परिजनों ने उसके घर आकर झूठी कहानी बताई कि मधु घर से ज्वेलरी लेकर फरार हो गई. जब वह पुलिस को रिपोर्ट लिखवाने गए, तो अंकित 22 मई को अचानक लापता हो गया. अब मधु की डेड बॉडी मिलने के बाद मधु की बेरहमी से हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है.
19 फरवरी को हुई थी शादी
मधु के पिता ने पुलिस को बताया कि मधु की शादी 19 फरवरी 2026 को मानेसर गांव के रहने वाले अंकित भगत से हुई थी. अंकित कोई नौकरी नहीं करता था. वह खेतीबाड़ी का काम देखता था. शादी के बाद सब ठीक था, लेकिन 21 मई को अचानक मधु संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई. मधु का कुछ पता नहीं लगा तो मायके वालों ने ससुराल पक्ष से पूछताछ की. काफी दबाव देने के बाद अंकित के परिजनों ने कहा कि मधु घर से गहने लेकर भाग गई.
बाथरूम से आ रही थी बदबू
मधु के मायके वालों ने मानेसर थाना पुलिस को मधु के गुमशुदा होने की जानकारी दी. जांच के दौरान पुलिस को पता लगा कि अंकित मधु को अपने साथ स्कूटी पर लेकर गया था. इसके बाद पुलिस और मायके वालों का शक अंकित पर गहरा हो गया. जांच करने पर पता लगा कि अंकित ने दो साल पहले मानेसर बस स्टैंड के पास कमरा किराए पर लिया था, जहां वह एक अन्य युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था. पुलिस जब उस कमरे पर पहुंची तो कमरे के बाथरूम से बदबू आ रही थी जिसके बाद पुलिस ने देखा कि मधु का शव सड़ी अवस्था में पड़ा हुआ है.
आरोपी युवक और उसकी प्रेमिका फरार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. मायके वालों ने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है, और मधु के पति अंकित और उसकी प्रेमिका पर हत्या करने का आरोप लगाया है. फिलहाल आरोपी फरार हैं. मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही समय व कारण पता लग पाएंगे. आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.
यह भी पढ़ें: फिर जेल से बाहर आया गुरमीत रामरहीम, 30 दिन की पैरोल मिली














