Bajrang Dal School Protest Ghaziabad: गाजियाबाद के मोदीनगर देहात क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल को लेकर माहौल उस वक्त गरमा गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल के बाहर पहुंच गए. धार्मिक भेदभाव के आरोपों के बीच बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और स्कूल के गेट पर ‘जय श्री राम' लिखा दिया. यह पूरा मामला एक महिला शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद सामने आया.
सैंट टैरेसा अकैडमी से जुड़ा मामला
पूरा मामला गाजियाबाद के थाना मोदीनगर देहात क्षेत्र में स्थित सैंट टैरेसा अकैडमी स्कूल से जुड़ा है. स्कूल की शिक्षिका अरुणा गोस्वामी ने स्कूल की प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल में हिंदू प्रतीकों को लेकर आपत्ति जताई जाती है.
'हिंदू प्रतीकों पर जताई जाती है आपत्ति'
अरुणा गोस्वामी का आरोप है कि यदि कोई शिक्षक या कर्मचारी कलावा, टीका या अन्य हिंदू प्रतीक पहनकर स्कूल आता है, तो प्रिंसिपल उस पर एतराज जताती हैं और इन्हें हटाने के लिए कहती हैं. टीचर का दावा है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो बदले में उनके बेटे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) दे दिया गया.
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत
शिक्षिका अरुणा गोस्वामी ने इस पूरे मामले को लेकर पुलिस को दो पन्नों की लिखित शिकायत भी सौंपी है. उनका कहना है कि उन्होंने केवल अपने धार्मिक अधिकारों की बात उठाई थी, लेकिन इसके बदले उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया गया.
प्रिंसिपल ने आरोपों को बताया गलत
इस मामले में जब स्कूल की प्रिंसिपल लुर्थ से बात की गई, तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उनका कहना है कि स्कूल पिछले 42 वर्षों से संचालित हो रहा है और यहां सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है. उन्होंने बताया कि स्कूल में हर धर्म के त्योहार मनाए जाते हैं और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता.
टीसी को लेकर भी दी सफाई
प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि टीचर के बेटे का टीसी स्कूल की ओर से जबरन नहीं दिया गया. उनके अनुसार, बच्चे के अभिभावक की ओर से आवेदन आया था, उसी के आधार पर टीसी जारी की गई थी. उन्होंने इस कार्रवाई को पूरी तरह नियमों के अनुसार बताया.
बजरंग दल ने जताया विरोध
महिला टीचर के आरोप सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल के बाहर पहुंच गए. उन्होंने वहां हनुमान चालीसा का पाठ किया और विरोध दर्ज कराते हुए स्कूल के गेट पर ‘जय श्री राम' लिखा. इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल भी बना रहा.














