सूरत के पांडेसरा में रातभर चला पुलिस सर्च ऑपरेशन; 6 साल की बच्ची सुरक्षित बरामद, अपहरण का आरोपी गिरफ्तार

Kidnapping Case Surat: सूरत के पांडेसरा इलाके में 6 साल की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्ची को सुरक्षित बरामद किया. जानिए कैसे पकड़ा गया आरोपी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
सूरत पांडेसरा में बच्ची अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता

Surat Kidnapping Case: सूरत के पांडेसरा इलाके से एक गंभीर लेकिन राहत देने वाली खबर सामने आई है. 6 साल की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद कर लिया है. इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद इलाके में जहां चिंता का माहौल था, वहीं पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है.

घर लौटी मां तो बच्ची थी गायब

मामला पांडेसरा के शास्त्री नगर इलाके का है. 31 मार्च की शाम एक महिला अपने तीन बच्चों को घर पर छोड़कर काम पर गई थी. जब वह वापस लौटी तो उसकी 6 साल की बेटी घर में मौजूद नहीं थी. आसपास काफी तलाश और पूछताछ के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद महिला ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया और पांडेसरा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

Surat Kidnapping Case: सूरत पुलिस को बड़ी सफलता

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. करीब 30 से 35 पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें पांडेसरा के साथ‑साथ अल्थान और खटोदरा पुलिस को भी शामिल किया गया. सबसे पहले इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई, जहां एक युवक बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. यह फुटेज जांच का पहला अहम सुराग साबित हुआ.

सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से आरोपी तक पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद युवक की पहचान प्रदीप पाल के रूप में हुई और पुलिस को उसका मोबाइल नंबर भी मिल गया. इसके बाद तकनीकी सर्विलांस, लोकेशन ट्रैकिंग और लगातार सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश तेज कर दी गई. जांच में सामने आया कि आरोपी इलाके से परिचित था और परिवार के संपर्क में होने के कारण बच्ची को बहला‑फुसलाकर अपने साथ ले गया था.

Advertisement

सुबह तड़के पेड़ के नीचे मिला आरोपी

रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान शुरुआती घंटों में कोई ठोस सफलता नहीं मिली. लेकिन सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस को एक और अहम सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी, जिसमें आरोपी बच्ची को एक कंस्ट्रक्शन साइट की ओर ले जाता दिखा. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वहां मौजूद वॉचमैन से पूछताछ की, जिसने भी युवक के वहां जाने की पुष्टि की. इसके बाद इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया गया और सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच आरोपी झाड़ियों के बीच एक पेड़ के नीचे सोया हुआ मिला. बच्ची उसके साथ थी.

बच्ची सुरक्षित, आरोपी हिरासत में

पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया और बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया. बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर पाई गई और किसी भी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई.

Advertisement

आरोपी ने क्या कबूला?

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप पाल (उम्र करीब 33 वर्ष) मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला है और सूरत में मजदूरी करता है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बच्ची को गलत इरादे से अपने साथ ले जाने की बात कबूल की है. हालांकि पुलिस की समय रहते कार्रवाई से किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया.

चार्जशीट की तैयारी, जांच जारी

इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने 40 से 45 सीसीटीवी कैमरों की जांच की. पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी, ताकि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी है और वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : Viral Video: इंदौर की सड़क पर बेरहमी से पिटाई; तमाशबीन बने रहे लोग, पुलिस जांच में जुटी

यह भी पढ़ें : MP News: झाबुआ के थांदला प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव, 49 लोग अस्पताल में भर्ती

यह भी पढ़ें : LPG Connection Ban: नए LPG गैस कनेक्शन पर एक महीने की रोक, इंदौर प्रशासन का बड़ा फैसला

Advertisement

यह भी पढ़ें : नहर में गिरी कार, तीन लोगों की मौत; नींद की झपकी बनी काल, पंढरपुर में दर्दनाक हादसा

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान-इजरायल में भीषण जंग, War Zone से समझिए ताजा हालात | Iran War News | Kachehri