जिसे मुंहबोला भाई मानती थी, उसी ने ले ली जान, घर में दबी थी लाश, बच्चों के साथ ढूंढने का करता रहा स्वांग 

Jamnagar Murder Case में दो दिन से लापता विधवा महिला का शव उसके पड़ोसी के घर से मिला. जिसे वह ‘धर्म का भाई’ मानती थी, उसी पर हत्या का आरोप है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

दिव्येश वायेडा: गुजरात के जामनगर शहर से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. डिफेंस कॉलोनी इलाके में रहने वाली रिंकीदेवी बंटू सिंह कठेरिया, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा की निवासी थीं, अचानक दो दिन पहले लापता हो गई थीं. महिला के बेटे ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस और परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.

पड़ोसी के घर मिला शव, रिश्तों पर उठा सवाल

जांच के दौरान मामला तब पलट गया जब महिला का शव उसके ही घर के पीछे रहने वाले विजय ओडिच के घर से बरामद हुआ. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मृतका आरोपी को ‘धर्म का भाई' मानती थी और उसे राखी भी बांधती थी. परिवार के अनुसार, दोनों के बीच रिश्ते बेहद करीबी थे, जिससे यह घटना और भी ज्यादा दर्दनाक और संदेहास्पद हो गई है.

तलाश में शामिल था आरोपी, बढ़ा शक

महिला के लापता होने के बाद आरोपी विजय ओडिच खुद भी उसे खोजने का नाटक कर रहा था. यही बात अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है. माना जा रहा है कि आरोपी ने महिला का गला घोंटकर हत्या की और फिर शक से बचने के लिए खुद ही खोजबीन में शामिल हो गया.

परिवार की हालत और पृष्ठभूमि

रिंकीदेवी एक दवा फैक्ट्री में काम करती थीं और 2021 में पति की दिल का दौरा पड़ने से मौत के बाद अपने तीन बच्चों के साथ रह रही थीं. उनके परिवार में 19 वर्षीय रोहित, 17 वर्षीय नितिन और 6 वर्षीय अंजली शामिल हैं. इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Advertisement

जामनगर पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जामनगर के DYSP जयवीरसिंह झाला के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
 

Featured Video Of The Day
Vijay oath ceremony controversy: CM पद की शपथ में अचानक भाषणबाजी करने लगे विजय, राज्यपाल ने टोका
Topics mentioned in this article