Gujarat Diara Viral Video: गुजरात के मालिया हाटीना में आयोजित एक लोक संगीत कार्यक्रम (डायरा) इन दिनों चर्चा में है, जहां भजनीक कविराज जिग्नेश के कार्यक्रम के दौरान जमकर नोटों की बारिश देखने को मिली. खंभालिया गांव में भगवद सप्ताह ज्ञानयज्ञ के मौके पर हुए इस आयोजन में श्रोताओं ने खुलकर दान दिया. शुरुआत में लोग हाथों से नोट उड़ाते दिखे, लेकिन देखते ही देखते माहौल इतना रंगीन हो गया कि लोग थैलों और बोरियों में भरकर रुपए लुटाने लगे. इस अनोखे दृश्य के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. जूनागढ़ से NDTV के लिए विजय सिंह परमार की रिपोर्ट.
भजनों पर झूमे लोग, खुलकर किया दान
कार्यक्रम में कविराज जिग्नेश ने श्रीकृष्ण भक्ति और दोस्ती पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी. उनके सुरों ने ऐसा माहौल बनाया कि श्रोता भाव-विभोर होकर झूम उठे. जैसे-जैसे डायरा आगे बढ़ा, लोगों ने मंच पर पहुंचकर जमकर रुपए उड़ाने शुरू कर दिए. बताया जा रहा है कि यह राशि धार्मिक कार्यक्रम और सेवा कार्यों के लिए दान के रूप में दी जा रही है.
मंच पर पहुंचे जयराज आहिर, उड़ाए नोट
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोक कलाकार मायाभाई आहिर के बेटे जयराज आहिर भी मंच पर पहुंचे. उन्होंने भी खुले दिल से रुपए उड़ाए, जिससे माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया. लोगों का कहना है कि इस तरह की भव्य धनवर्षा डायरे में कम ही देखने को मिलती है.
पहली बार दिखा ऐसा नजारा
करीब डेढ़ से दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में लगातार नोट उड़ते रहे. शुरुआत में बंडल से पैसे उड़ाने का सिलसिला बाद में बोरी और थैलों तक पहुंच गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस तरह बोरियों में भरकर नोट उड़ाने का दृश्य पहले कभी नहीं देखा गया.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
इस आयोजन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग मंच के सामने और ऊपर की ओर नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद यह कार्यक्रम अब चर्चा का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें : PM की अपील का असर: बिना गाड़ियों के काफिले नारायणपुर में पुलिस जवान ने बैलगाड़ी से निकाली अनोखी बारात
यह भी पढ़ें : नोएडा हिंसा केस में नया मोड़; सत्यम वर्मा ने HC में दी चुनौती, गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी, अब इस दिन सुनवाई
यह भी पढ़ें : NH-30 फोरलेन प्रोजेक्ट: MP-छत्तीसगढ़ के बीच सफर होगा आसान, घाट सेक्शन सुरक्षित; कान्हा में वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग
यह भी पढ़ें : NEET पेपर लीक केस: 3 राज्यों में फैला नेटवर्क, शुभम खैरनार की SR एजुकेशन कंसल्टेंसी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई














