Cristiano Ronaldo in Tears, Portugal Lose vs Spain: फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में स्पेन और पुर्तगाल के बीच एक बेहद कड़ा मुकाबला खेला गया. इस रोमांचक मैच में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से मात देकर क्वार्टर फ़ाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. इस हार के साथ ही पुर्तगाल के दिग्गज कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया. मैच में डिफेन्स को भेदने के लिए दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन स्टॉपेज टाइम के पहले मिनट में स्पेन के सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने एक शानदार गोल करके अपनी टीम की जीत तय कर दी.
मेरिनो ने एक तेज फ़्री-किक से मिली 'थ्रू बॉल' को अपने नियंत्रण में लिया और विपक्षी गोलकीपर डियोगो कोस्टा को छकाते हुए 'लो फिनिश' (जमीन के पास से शॉट) के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया.
पुर्तगाल की हार के बाद मैदान में क्रिस्टियानो रोनाल्डो आंखों में आंसू लिए नजर आये और इस हार के दुख को बयां करने के लिए इससे ज्यादा कोई सबूत क्या ही दिखता, अपने फैंस के लिए वर्ल्ड कप जीतने का सपना देख रहे रोनाल्डो के लिए ये हार एक टीस बनकर हमेशा के लिए रह जाएगी.
इस ऐतिहासिक जीत ने 2010 की चैंपियन स्पेन को शुक्रवार को होने वाले क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचा दिया है. दूसरी ओर, मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड के पूर्व स्टार 41 वर्षीय रोनाल्डो का यह उनके करियर का छठा और आखिरी वर्ल्ड कप संस्करण था. अमेरिका के इस चुनौतीपूर्ण अभियान में रोनाल्डो अपने सर्वश्रेष्ठ फ़ॉर्म के लिए संघर्ष करते दिखे. उनका लंबे समय से सपना था कि वो अपने तीन दशकों के शानदार करियर में वर्ल्ड कप विजेता का मेडल भी शामिल करें, जो अब अधूरा रह गया.
पूरे मैच में पुर्तगाल का आक्रमण बेहद सीमित रहा और वो गोल पर केवल दो शॉट लगा सके, जबकि स्पेन ने छह शॉट लगाए. मैच के बाद भावुक रोनाल्डो ने कहा कि वो अपने भविष्य पर फैसला लेने के लिए थोड़ा समय लेंगे. उन्होंने कहा, "यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप था, लेकिन अब मेरे पास परिवार के साथ समय बिताने और बिना किसी जल्दबाज़ी के आगे की जिंदगी के बारे में सोचने का समय होगा. फ़ुटबॉल और एक फ़ुटबॉलर की जिंदगी ऐसी ही होती है, जहां कभी आप जीतते हैं तो कभी हारते हैं और आपको बस आगे बढ़ना होता है."