Youtube पर फ्री में वर्ल्ड कप दिखा कर मचा रहा तहलका, CazeTV बटोर रहा रिकॉर्ड व्यूअरशिप

ब्राजील भले ही वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है पर वहां का एक YouTube चैनल CazeTV मुफ्त में FIFA वर्ल्ड कप दिखा कर, रिकॉर्ड व्यूअरशिप के साथ अपने अनोखे प्रेजेंटेशन से खूब चर्चा बटोर रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
केज टीवी
Caze TV

ब्राजील की टीम की फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बेशक विदाई हो गई है लेकिन  फुटबॉल के दीवाने ब्राजील में इस बार फीफा वर्ल्ड कप सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि YouTube पर भी नया इतिहास लिख रहा है. CazeTV नाम का एक YouTube चैनल करोड़ों लोगों के लिए वर्ल्ड कप देखने का सबसे बड़ा ठिकाना बन चुका है.

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण की ब्राजील में तस्वीर बदल गई है. इस बार केवल आधे मैच ही टीवी पर प्रसारित किए जा रहे हैं, बाकी के मैचों के लिए लोग यूट्यूब का रुख कर रहे हैं. यही कारण है कि ब्राजील आज पूरी दुनिया में एक बड़ा उदाहरण बन गया है कि भविष्य में खेलों का प्रसारण कैसे हो सकता है. 

क्या है CazeTV?

इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह है CazeTV. यह एक YouTube चैनल है, जिसे ब्राजील के मशहूर स्ट्रीमर कैसिमिरो मिगेल ने शुरू किया था. इन्हें ही लोग प्यार से Caze कहते हैं. खास बात ये है कि CazeTV इस वर्ल्ड कप के सभी 104 मैच मुफ्त में दिखा रहा है.

ऐसा नहीं है कि ब्राजील के लोग टीवी देखना छोड़ रहे हैं, वहां के सबसे बड़ी टीवी नेटवर्क ग्रुपो ग्लोबो अब भी सबसे अधिक दर्शकों तक पहुंच रहा है. लेकिन अब दर्शक कई प्लेटफॉर्म्स में बंट गए हैं. कुछ लोग टीवी देख रहे हैं, तो बड़ी संख्या में युवा YouTube और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म चुन रहे हैं. 

Advertisement

CazeTV ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

ब्राजील और जापान के बीच मैच के दौरान CazeTV ने दावा किया कि उसके प्लेटफॉर्म पर 2.13 करोड़ (21.3 मिलियन) एक्टिव यूजर्स डिवाइस थे. अगर यह आंकड़ा सही है, तो यह YouTube के इतिहास की सबसे ज्यादा देखी गई लाइव स्ट्रीमिंग में से एक मानी जाएगी.

सिर्फ चार साल पहले शुरू हुआ यह चैनल अब ब्राजील के सबसे बड़े मीडिया नेटवर्क्स को कड़ी टक्कर दे रहा है. ब्राजील में 2026 वर्ल्ड कप के सभी 104 मैच मुफ्त देखने की सुविधा इसी प्लेटफॉर्म पर है, जबकि 49 मुकाबलों के प्रसारण अधिकार इसके पास विशेष रूप से हैं. इसी वजह से लाखों दर्शक महंगे स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन छोड़कर CazeTV की ओर आ गए हैं.

Advertisement

CazeTV युवाओं में खास कर अधिक लोकप्रिय है तो इसकी वजह इसका प्रजेंटेशन है.

दरअसल, इस पर होने वाली कमेंट्री पारंपरिक कमेंट्री से अलग होती है. कैसिमिरो और इनकी टीम मजाक, मीम्स, हल्की-फुल्की बातचीत और आसान भाषा में मैच को समझाती है. इसकी कमेंट्री के दौरान लाइव चैट भी होते हैं और फैन्स की भागीदारी का इंतजाम भी होता है.

मार्केटिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक CazeTV की सबसे बड़ी ताकत यही है कि वो दर्शकों को मैच केवल दिखा नहीं रहा है, बल्कि उसका हिस्सा भी बना रहा है और लाइव टेलीकास्ट का पूरा अंदाज ही बदल कर रख दिया है.

इतना ही नहीं देर रात होने वाले मैचों के दौरान एंकर पायजामा पहनकर शो करते हैं, मजाक करते हैं और दर्शकों को लगातार बातचीत का हिस्सा बनाते हैं. गोल होने पर फैंस से अपने घर की खिड़की से चिल्लाते हुए वीडियो भेजने की अपील तक की जाती है. यही अंदाज युवाओं को काफी पसंद आ रहा है.

ये भी पढ़ें: 

LiveModeTV में रोनाल्डो बड़े निवेशक
Photo Credit: Caze TV

अब पुर्तगाल में भी यही मॉडल

CazeTV चलाने वाली कंपनी LiveMode अब यह मॉडल पुर्तगाल में भी ले गई है. वहां कंपनी ने LiveModeTV नाम से YouTube चैनल शुरू किया है, जिसमें क्रिस्टियानों रोनाल्डो भी बड़े निवेशकों में शामिल हैं.

Advertisement

यह चैनल वर्ल्ड कप के 34 मैच मुफ्त में दिखा रहा है और कंपनी का दावा है कि शुरुआती हफ्तों में ही यह लगभग 90% पुर्तगाली घरों तक पहुंच गया.

FIFA क्यों खुश है?

जब फीफा ने 2026 के FIFA वर्ल्ड कप के लिए CazeTV के साथ करार किया था, तब उसने कहा था कि उसका मकसद युवा दर्शकों तक पहुंचना था. और CazeTV ने इसमें अच्छी सफलता दिखाई है.

Advertisement

FIFA का मानना है कि ब्राजील का यह प्रयोग भविष्य में दूसरे देशों के लिए भी एक मॉडल बन सकता है.

अब FIFA हर देश में अलग-अलग तरीके से मीडिया अधिकार बेचने पर विचार कर रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक वर्ल्ड कप पहुंच सके.

Photo Credit: LIVE Mode TV

इस बदलाव की शुरुआत कैसे हुई?

कोरोना महामारी के दौरान ग्लोबो ने फीफा के साथ टेलीकास्ट के राइट्स को लेकर नई डील की. उसने टीवी अधिकार तो अपने पास रखे पर डिजिटल का अधिकारी पूरी तरह नहीं खरीदा.

CazeTV और LiveMode को यहीं पर बड़ा मौका हासिल हुआ. उन्होंने पिछले वर्ल्ड कप में इसकी शुरुआत की और इस बार के वर्ल्ड कप में उन्होंने अपने अधिकार और बढ़ा लिए. अब कई एक्सपर्ट डिजिटल राइट्स नहीं लेना ग्लोबो की एक बहुत बड़ी गलती मानते हैं.

एक्सपर्ट्स का मानना हैकि अगले वर्ल्ड कप यानी 2030 में टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के राइट्स के लिए मुकाबला और तगड़ा होगा. ऐसे में सवाल केवल यह नहीं रह जाएगा कि मैच कौन दिखाएगा बल्कि यह भी सबसे बड़ा सवाल होगा कि दर्शक किस प्लेटफॉर्म पर मैच देखना पसंद करेंगे- टीवी पर या यूट्यूब पर.

फीफा वर्ल्ड कप की लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर ब्राजील में शुरू हुआ यह बड़ा बदलाव आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया में खेल प्रसारण का नया फॉर्मेट बनने की तरफ बढ़ सकता है.

ऑनलाइन सट्टे के प्रतीकात्मक तस्वीर
Photo Credit: AFP

लेकिन विवाद भी हुआ

CazeTV की आलोचना भी हुई है.

मैच के दौरान चैनल अपने बेटिंग पार्टनर्स के विज्ञापन भी दिखाता है. ब्राजील में ऑनलाइन सट्टेबाजी की बढ़ती लत पहले से ही सरकार की चिंता का विषय है. ऐसे में कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या खेल प्रसारण में बेटिंग का इतना प्रचार सही है.

ऐसे में CazeTV की इस सफलता के साथ विवाद भी जुड़ गया. मैच के दौरान लगातार बेटिंग वेबसाइटों के QR कोड दिखाना और एंकरों का बेट लगाने के सुझाव देना कई लोगों को खटकने लगा. ऐसे समय में जब ब्राजील में ऑनलाइन सट्टेबाजी तेजी से बढ़ी है और इसकी लत को लेकर चिंता बढ़ रही है, इन विज्ञापनों पर सवाल उठने लगे.

बीते हफ्ते उपभोक्ता संरक्षण से जुड़ी एक सार्वजनिक संस्था ने इन विज्ञापनों की जांच शुरू कर दी. आरोप है कि मैच के दौरान इस तरह के प्रचार को भ्रामक और आक्रामक विज्ञापन माना जा सकता है. जांच शुरू होने के बाद CazeTV ने कहा कि वह बेटिंग विज्ञापनों को लेकर अधिक सावधानी बरतेगा और ऐसे प्रचार पहले की तुलना में कम कर दिए गए हैं.

ब्राजील की सांसद तबाता अमाराल ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उनका कहना है कि फुटबॉल मैच के बीच लोगों को जुआ खेलने के लिए प्रेरित करना गलत है. वो बेटिंग वेबसाइटों के विज्ञापनों पर सख्त नियम लागू करने के लिए एक विधेयक भी पेश कर चुकी हैं.

राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की सरकार भी ऑनलाइन जुए को सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा मानती है. सरकार का कहना है कि कम आय वाले कई लोग दांव लगाने के लिए कर्ज तक ले रहे हैं, जिससे सामाजिक और आर्थिक समस्याएं बढ़ रही हैं

Featured Video Of The Day
महाराष्ट्र से गुजरात तक जलप्रलय! कहीं सैलाब, तो कहीं मौत का तांडव!
Topics mentioned in this article
2026 FIFA World Cup
Cristiano Ronaldo
Brazil
Portugal
Football