Nimbu Ke Chilko Se Banayein Lemon Pepper Masala: अक्सर लोग नींबू का रस इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलकों को सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यही छिलके आपके किचन में एक बेहद खास मसाला बना सकते हैं. बाजार में मिलने वाला लेमन पेपर मसाला काफी महंगा होता है, लेकिन इसे घर पर बहुत आसान तरीके से तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि इससे नींबू का पूरा इस्तेमाल भी हो जाता है और खाना भी ज्यादा स्वादिष्ट बनता है.
पहले नींबू के छिलकों को करें तैयार
अगर आपने नींबू का रस निकाल लिया है तो उसके छिलकों को फेंकने की बजाय अलग रख लें. सबसे पहले छिलकों के अंदर बचा हुआ गूदा निकाल दें ताकि केवल बाहरी छिलका ही रह जाए. इसके बाद छिलकों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. धोने के बाद उन्हें अच्छे से सूखा लें ताकि उनमें नमी न रहे. अब इन छिलकों को छोटे-छोटे पतले टुकड़ों में काट लें. ऐसा करने से उन्हें सुखाना आसान हो जाता है. कटे हुए छिलकों को एयर फ्रायर या ओवन में सुखाया जा सकता है.
वीडियो देखें :
ओवन या एयर फ्रायर में सुखाने का तरीका
एयर फ्रायर या ओवन को करीब 390 डिग्री तापमान पर सेट करें. अब नींबू के छिलकों को उसमें लगभग 10 मिनट तक रखें. जब छिलके पूरी तरह सूखकर कुरकुरे हो जाएं तो उन्हें बाहर निकाल लें. ध्यान रखें कि छिलके पूरी तरह सूखे होने चाहिए.
ऐसे बनाएं लेमन पेप्पर मसाला
जब छिलके ठंडे हो जाएं तो उन्हें मिक्सर या फूड प्रोसेसर में डालें. इसमें एक चम्मच नमक और आधा चम्मच काली मिर्च डाल दें. अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें. कुछ ही सेकंड में एक बारीक पाउडर तैयार हो जाएगा.
घर पर बना यह लेमन पेप्पर मसाला कई तरह के खाने में इस्तेमाल किया जा सकता है. आप इसे चिकन, मछली, सलाद, सब्जी या फ्रेंच फ्राइज पर छिड़क सकते हैं. इससे खाने में हल्का खट्टा और मसालेदार स्वाद आता है. इस तरह नींबू के छिलकों को फेंकने के बजाय आप उनका पूरा इस्तेमाल कर सकते हैं और घर पर ही एक खास मसाला तैयार कर सकते हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














