Healthy Guhjiya Recipe: गुझिया के बिना होली के बारे में सोचा जा सकता है क्या? लेकिन गुझिया मैदा और खोए के साथ बनती है और इसमें खूब सारी शक्कर भी मिलाई जाती है जिस वजह से कई लोग इसे खाने से बचते हैं. लेकिन अगर आप मैदा और चीनी खाने से बचना चाहते हैं तो हमारे पास आपके लिए एक ऐसी जबरदस्त रेसिपी है जिसे आप गिल्ट फ्री होकर खाएंगे. आज हम बता रहे हैं ऐसी गुझिया की रेसिपी जो बिना मैदा और बिना रिफाइंड चीनी के बनकर तैयार होगी वो भी बिल्कुल परफेक्ट. ये स्वाद में लाजवाब और हेल्थ के लिए भी बेहतर है.
गुझिया बनाने के लिए सामग्री
कवर बनाने के लिए:
- 1 कप गेहूं का आटा
- 2 बड़े चम्मच घी
- जरूरत के हिसाब से गुनगुना पानी
फिलिंग के लिए:
• 1 कप मावा (खोया)
• 2-3 बड़े चम्मच बारीक कटा गुड़
• 2 बड़े चम्मच सूखा नारियल
• 1 बड़ा चम्मच काजू-बादाम कटे हुए
• 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
रेसिपी
सबसे पहले आटे में घी डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को रेस्ट करने के लिए 15-20 मिनट ढककर रख दें.
अब आपको फिलिंग तैयार करनी है. इसके लिए कड़ाही में मावा को हल्का सा फ्राई करें और गैस को बंद कर दें. अब इसके ठंडा होने पर इसमें गुड़, नारियल, ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें.
अब आटे की छोटी लोई बेलें और इसमें फिलिंग रखें और इसे गुझिया की शेप दें. इसके किनारों को अच्छी तरह से सील कर दें ताकि ये खुलें नहीं. अब कड़ाही में घी या तेल गरम करें जिसमें भी आपको गुझिया फ्राई करनी है और धीमी आंच पर गुझिया सुनहरी होने तक तल लें. बस तैयार हैं आपकी हेल्दी और टेस्टी गुझिया.
क्यों है ये बेहतर ऑप्शन?
इस रेसिपी में मैदा की जगह गेहूं का आटा है, जो फाइबर देता है. वहीं चीनी की जगह गुड़ इस्तेमाल किया गया है, जो मिठास के साथ थोड़ा आयरन भी देता है. यानी स्वाद के साथ थोड़ी सेहत भी. तो इस बार होली पर कुछ अलग ट्राय करें और घरवालों के लिए बनाएं बिना मैदा-चीनी वाली गुझिया.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














