Chocolate Malpua Recipe For Ramzaan: रमजान का महीना आते ही इफ्तार की थाली में कई तरह के स्वादिष्ट पकवान शामिल हो जाते हैं. खजूर, फल, शरबत और स्नैक्स के साथ मीठा भी इफ्तार का अहम हिस्सा होता है. ऐसी ही एक पारंपरिक मिठाई है मालपुआ, जिसे भारत के कई हिस्सों में बड़े चाव से खाया जाता है. अगर आप इस बार कुछ नया और अलग बनाना चाहते हैं, तो क्लासिक मालपुआ में चॉकलेट का स्वाद जोड़ सकते हैं. चॉकलेट मालपुआ वही पारंपरिक मालपुआ है, लेकिन इसके घोल में चॉकलेट सिरप या कोको पाउडर मिलाया जाता है. इससे इसका स्वाद थोड़ा अलग और बच्चों को ज्यादा पसंद आने वाला बन जाता है. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम मालपुआ खाने में बहुत अच्छा लगता है.
चॉकलेट मालपुआ बनाने के लिए जरूरी सामग्री- (Ingredients For Making Chocolate Malpua)
- मैदा- 1 कप
- दूध- 1 से 1¼ कप (घोल की मोटाई के अनुसार)
- चीनी पाउडर या गुड़ पाउडर- 3-4 बड़े चम्मच
- कोको पाउडर- 1 से 1½ बड़ा चम्मच या चॉकलेट सिरप – 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर- ¼ छोटा चम्मच
- तलने के लिए घी या तेल- आवश्यकतानुसार
- ड्राई फ्रूट्स (बादाम/पिस्ता/काजू)- 2 बड़े चम्मच, बारीक कटे
- चॉकलेट सिरप (टॉपिंग के लिए)- 1-2 बड़े चम्मच
यह भी देखें- रात में मुंह में लौंग रखकर सोएं, सुबह दिखेंगे ये हैरान करने वाले फायदे
चॉकलेट मालपुआ बनाने का आसान तरीका- (How To Make Chocolate Malpua)
- सबसे पहले एक बाउल में मैदा लें. इसमें दूध, चीनी या गुड़ पाउडर और चॉकलेट सिरप डालें. अब इसे अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालकर थोड़ा गाढ़ा घोल बना लें. इस घोल को लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
- अब कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. जब तेल गर्म हो जाए तो एक करछी घोल डालें और उसे छोटे पैनकेक की तरह फैलने दें. मध्यम आंच पर इसे दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें.
- जब मालपुआ तैयार हो जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें.
- गरम-गरम चॉकलेट मालपुआ के ऊपर कटे हुए बादाम या पिस्ता डालें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा चॉकलेट सिरप या रबड़ी भी डाल सकते हैं.
रमजान के दौरान अगर आप इफ्तार में कुछ नया और मीठा बनाना चाहते हैं, तो चॉकलेट मालपुआ एक अच्छा विकल्प है. यह जल्दी बन जाता है और खाने में भी बहुत स्वादिष्ट लगता है.
Watch Video: History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














