Ram Navami Ki puja ka upay: हिंदू धर्म में भगवान राम का नाम जन्म से लेकर मृत्यु तक जुड़ा रहता है. सनातन परंपरा में जिस मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के नाम को तारक मंत्र के रूप में जाना जाता है, उनका जन्मदिन अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार मार्च या अप्रैल महीने में और हिंदू कैलेंडर के अनुसार चैत्र मास के शुक्लपक्ष की नवमी तिथि पर पड़ता है. हिंदू मान्यता के अनुसार नवरात्रि के नौवें दिन मनाए जाने वाले राम जन्मोत्सव वाले दिन यदि कोई व्यक्ति प्रभु श्री राम की विधि-विधान से पूजा करते हुए उनके गुणों का गान करने वाली श्री रामचरित मानस की चौपाईयों का श्रद्धा और विश्वास के साथ पाठ करता है तो उसके जीवन से जुड़े सारे कष्ट दूर और कामनाएं पूरी होती हैं. आइए मानस की चमत्कारी चौपाईयों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
भय दूर करने वाली चौपाई
यदि आपको किसी व्यक्ति विशेष से अपना अहित होने की आशंका बनी रहती है या फिर किसी अनजान शत्रु का भय बना रहता है तो आपको मानस की नीचे दी गई चौपाई का रामनवमी वाले दिन विशेष रूप से पाठ करना चाहिए.
जा पर कृपा राम की होई.
ता पर कृपा करहिं सब कोई.
जिनके कपट, दम्भ नहिं माया .
तिनके हृदय बसहु रघुराया.
करियर-कारोबार के लिए जपें ये चौपाई
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि आपके करियर-कारोबार पर संकट मंडरा रहा है या फिर आप लंबे समय से रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं तो आपको रामनवमी के पावन पर्व पर मानस की नीचे दी गई चौपाई का विशेष रूप से पाठ करना चाहिए.
बिस्व भरन पोषन कर जोई.
ताकर नाम भरत अस होई.
यात्रा विशेष को सफल बनाने के लिए
यदि आप करियर-कारोबार या कार्य विशेष की यात्रा को सुखद एवं सफल बनाने की अभिलाषा रखते हैं तो आपको रामनवमी वाले दिन पूजा में तथा यात्रा वाले दिन घर से निकलते वक्त नीचे दी गई चौपाई का विशेष रूप से जप करना चाहिए.
प्रबिसि नगर कीजै सब काजा. ह्रदय राखि कोसलपुर राजा.
बड़ी आपदाओं से बचाने वाली चौपाई
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि आप किसी बड़ी मुश्किल में फंस गये हों और निकलने का कोई भी रास्ता नहीं सूझ रहा हो तो आपको रामनवमी वाले दिन भगवान राम की विशेष साधना-आराधना करने के बाद नीचे दी गई चौपाई का विशेष रूप से जप करना चाहिए.
दीन दयाल बिरिदु संभारी. हरहु नाथ मम संकट भारी.
धन-धान्य दिलाने वाली चौपाई
यदि आपको लगता है कि कठिन परिश्रम के बाद भी आपके जीवन में आर्थिक दिक्कतें बनी हुई हैं तो आपको राम नवमी के दिन भगवान राम की विशेष पूजा करने के बाद सुख-संपत्ति की कामना करते हुए नीचे दी गई चौपाई का विशेष रूप से पाठ करना चाहिए.
जे सकाम नर सुनहिं जे गावहिं. सुख संपत्ति नानाविधि पावहिं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














