Hanuman Jayanti 2026: इंद्र से लेकर कुबेर तक आखिर किस देवता ने हनुमान जी को कौन सा दिया था वरदान?

Hanuman Ji Ki Shakti: हिंदू धर्म में हुनमान जी को अतुलित बल का धाम कहे जाने वाले हनुमान जी के बारे में मान्यता है कि वे हर युग में पृथ्वी पर मौजूद रहते हैं और सच्चे मन से प्रार्थना करने वाले भक्त की मदद के लिए दौड़े चले आते हैं. तमाम सिद्धियों और गुणों की खान कहलाने वाले हनुमान जी में आखिर इतनी शक्तियां कहां से आईं, जानने के लिए जरूर पढ़ें ये लेख. 

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
Hanuman jayanti 2026: हनुमान जी को वरदान किसने दिया था?
NDTV

Hanuman Ji Ko Kis Devta Ne Kya Vardan Diya Tha: सनातन परंपरा में चैत्र मास के शुक्लपक्ष की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जयंती या फिर कहें हनुमान जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. हिंदू धर्म में पवनपुत्र हनुमान की साधना सभी संकटों को दूर करके कामनाओं को पूरा करने वाली मानी गई है. भगवान शिव के ग्यारहवें अंशावतार माने जाने वाले हनुमान जी के बारे में मान्यता है कि वे प्रत्येक युग में पृथ्वी पर मौजूद रहते हैं और अपने साधकों के रोग-शोक को दूर करके सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद बरसाते हैं. आइए जानते हैं कि जिन श​क्तियों के कारण हनुमान जी को महावीर कहा जाता है, वो उन्हें किन देवी-देवताओं से प्राप्त हुई. 

देवताओं ने आखिर क्यों दिया हनुमान को वरदान?

हिंदू मान्यता के अनुसार एक बार बाल्य अवस्था में हनुमान जी सूर्य देवता को फल समझकर खाने के लिए आगे बढ़े. मान्यता है कि उस दिन अमावस्या थी और राहु भी सूर्य का ग्रास करने के लिए पहुंच गया. तब हनुमान जी ने उसे भी फल समझकर खाने के लिए हाथ बढ़ाया तो वह वहां से भाग निकला. 

इंद्र ने अपनी गदा से तोड़ा था पवनपुत्र हनुमान का जबड़ा

इसके बाद राहु नाराज होकर इंद्र के पास गया कि उन्होंने आखिर किसे सूर्य को ग्रास बनाने का अधिकार दे दिया. तब इंद्र अपने ऐरावत हाथी पर सवार होकर वहां पहुंचे. तब बाल हनुमान ने ऐरावत को फल समझकर खाने का प्रयास किया तो इंद्र नाराज हो गए और हनुमान जी गदे से प्रहार किया, जिसके कारण उनका हनु यानि जबड़ा टूट गया और वे मूर्छित होकर एक पर्वत पर जा गिरे.

तब ब्रह्मा जी ने देवताओं को दिया ये आदेश

जब यह बात पवनदेवता को पता चली तो उन्होंने अपने पुत्र की यह हालत देखकर अपनी गति रोक दी. जिसके कारण पृथ्वी पर हाहाकार मच गया. इसके बाद सभी देवतागण ब्रह्मा जी के पास इस समस्या का समाधान पाने के लिए पहुंचे. तब ब्रह्मा जी ने स्वयं सभी देवताओं के साथ जाकर हनुमान जी के सिर पर अपना हाथ फेरा, जिससे उनकी मूर्छा दूर हो गई. इसके बाद ब्रह्मा जी ने सभी देवताओं से कहा कि यह बालक भविष्य में आप सभी का बड़ा हित करेगा. ऐसे में आप सभी इसे एक-एक वरदान प्रदान करें. तब ब्रह्मा जी की आज्ञा से सभी देवताओं ने अपनी तरफ से बाल हनुमान को वरदान प्रदान किए. 

Advertisement

भगवान सूर्य ने दिया अपना तेज
 

हिंदू मान्यता के अनुसार जिस सूर्य देवता को फल समझकर हनुमान जी निगलने जा रहे थे, उन्होंने हनुमान जी को अपने तेज का 100वां अंश प्रदान किया. मान्यता है कि सूर्य देवता के इसी वरदान के कारण हनुमान जी के सामने कोई टिक नहीं पाता है. 

इंद्र के वरदान से वज्र के समान बना बजरंगी का शरीर 

हिंदू मान्यता के अनुसार इंद्र देवता ने ही बजरंगी का नाम हनुमान रखते हुए उन्हें वरदान दिया कि आज के बाद तुम्हारा शरीर वज्र से भी ज्यादा कठोर हो जाएगा और और मेरी गदा का भी तुम पर कोई असर नहीं होगा. इसी के बाद बजरंगी को वज्रांग कहा गया. 

Advertisement

कुबेर देवता ने दिया विजय का आशीर्वाद

हिंदू मान्यता के अनुसार  कुबेर देवता ने हनुमान जी को वरदान किया उन्हें कभी कोई युद्ध में पराजित नहीं कर सकेगा. 

वरुण देवता ने दिया ये बड़ा वरदान 

हिंदू मान्यता के अनुसार वरण देवता ने हनुमान जी को वरदान दिया कि वे उनके पाश एवं जल से हमेशा सुरक्षित रहेंगे. 

यम ने दिया अमर होने का वरदान

यम देवता ने हनुमान जी को वरदान दिया कि वे कभी भी उनके प्राण नहीं हरेंगे. यानि वे हमेशा अमर रहेंगे. उन पर यम के दंड का असर नहीं होगा. 

महादेव से मिला महावीर को ये वरदान

हिंदू मान्यता के अनुसार भगवान शिव ने हनुमान जी को यह वरदान दिया कि उनकी मृत्यु कभी किसी अस्त्र-शस्त्र से नहीं होगी. 

Advertisement

माता सीता ने दिया था चिरंजीवी होने का आशीर्वाद 

हिंदू मान्यता के अनुसार ज​ब हनुमान जी लंका स्थित अशोक वाटिका में माता सीता के पास पहुंचे तो सीता जी ने उनकी भक्ति और प्रभु श्री राम के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें अजर-अमर यानि चिरंजीवी होने का वरदान प्रदान किया था. 

ये भी पढ़ें:

Hanuman Jayanti 2026: पृथ्वी पर आखिर कहां रहते हैं पवनपुत्र हनुमान? जानें बजरंगी के पवित्र पर्वत का रहस्य

Hanuman Jayanti 2026: किन 8 बड़ी सिद्धियों के कारण बजरंगी कहलाते हैं महाबली हनुमान?

भगवान विश्वकर्मा ने हनुमान जी को दिये दिव्य अस्त्र

हिंदू मान्यता के अनुसार भगवान विश्वकर्मा ने हनुमान जी को अपने द्वारा बनाए गये सभी दिव्य शस्त्र सौंपते हुए यह वरदान दिय कि वे इनकी मदद से हमेशा सुरक्षित रहेंगे और लंबे समय तक पृथ्वी पर जीवित रहेंगे. 

Advertisement

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
LPG Cylinder Price Hike: 1 महीने में तीसरी बार बढ़ा कमर्शियल LPG सिलेंडर का दाम