Hanuman Jayanti 2026 Puja Ke Labh: हिंदू धर्म में केसरीनंदन हनुमान जी को अतुतिल बल का धाम माना गया है. पौराणिक मान्यता के अनुसार हनुमान चिरंजीवी हैं और हर युग में पृथ्वी पर वास करते हुए अपने भक्तों के कष्ट दूर और कामनाओं को पूरा करते हैं. हनुमान जी की पूजा के लिए मंगलवार और चैत्र मास की पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली हनुमान जंयती का दिन बेहद शुभ माना गया है. आइए आज हनुमान जन्मोत्सव वाले दिन बजरंगी की पूजा करने से पहले उसका धार्मिक-आध्यात्मिक महत्व और उससे मिलने वाले 10 बड़े लाभ को विस्तार से जानते हैं.
1. सभी संकटों को दूर करने वाले हैं हनुमान
संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा. हनुमान चालीसा की यह चौपाई इस बात का प्रमाण है कि बजरंग बली की पूजा जीवन में आए सभी संकटों से बचाने वाली है. संकट के समय जो कोई साधक हनुमान जी की शरण में जाकर उनकी सच्चे मन से साधना करता है, उसे बचाने के लिए वे दौड़े चले आते हैं.
2. सभी सुखों को प्रदान करने वाले हैं हनुमान
सब सुख लहै तुम्हारी सरना, तुम रक्षक काहू को डरना. हिंदू मान्यता के अनुसार शक्ति के पुंज माने जाने वाले हनुमान जी की साधना सभी सुखों को प्रदान करने वाली मानी गई है. बजरंगी की कृपा से साधक के सभी सपने और कामनाएं शीघ्र ही पूरी होती हैं और वह सभी प्रकार के सुखों को प्राप्त करता है.
3. भूत और भय को दूर करते हैं हनुमान
भूत पिशाच निकट नहिं आवै, महावीर जब नाम सुनावै. हनुमान चालीसा की यह चौपाई इस बात का प्रमाण है कि जो कोई साधक उनकी प्रतिदिन नियम-संयम के साथ साधना करता है, हनुमत उसकी सभी प्रकार की नकारात्मक शक्तियों से करते हैं. बजरंगी की कृपा से उस पर कभी भी ऊपरी बाधाओं जैसे भूत-प्रेत आदि का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है.
4. हनुमत पूजा से दूर होता है ग्रहों का दोष
हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की पूजा जीवन में सभी प्रकार का मंगल ही मंगल करने वाली है. हनुमान जी की पूजा से कुंडली का मंगल ग्रह मजबूत होता है तो वहीं शनि, राहु, केतु जैसे ग्रहों के दोष दूर होते हैं.
5. हनुमत साधना से दूर होगा रोग और शोक
नासै रोग हरै सब पीरा, जपत निरंतर हनुमत बीरा. हनुमान जी की इस चौपाई का जाप करने वाले साधक को कभी भी रोग और शोक नहीं सताता है. हनुमान जी की कृपा साधक को सुख-सौभाग्य के साथ आरोग्य की प्राप्ति होती है. सच्चे मन से हनुमान जी की साधना करने वाले साधक के सभी शारीरिक एवं मानसिक कष्ट शीघ्र ही दूर हो जाते हैं.
6. सभी बंधनों से मुक्त कराते हैं हनुमान
हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की साधना करने पर साधक सभी प्रकार के बंधनों से शीघ्र ही मुक्त हो जाता है. मान्यता है कि हनुमान जी की प्रतिदिन पूजा करने वाले साधक को कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में विजय प्राप्त होती है और वह तमाम तरह के आरोप और दोष से मुक्त होता है.
7. चिंता को दूर कर आत्मविश्वास बढ़ाती है हनुमत साधना
हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की पूजा करने वाले साधक को बजरंगी से बल, बुद्धि और विवेक का आशीर्वाद प्राप्त होता है. हनुमत कृपा बरसने पर साधक के भीतर एक अलग ही आत्मविश्वास पैदा होता है. जिससे वह चिंता छोड़ चिंतन करता है और जीवन की सभी चुनौती का बहादुरी के साथ सामना करते हुए सभी संकटों का समाधान खोजने में कामयाब होता है.
8. बजरंगी की पूजा से दूर होता है कर्ज का मर्ज
हिंदू मान्यता के अनुसार प्रत्येक मंगलवार के दिन हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा करने वाले साधक पर हर समय हनुमत कृपा बरसती है और उनके आशीर्वाद से वह बड़े से बड़े कर्ज से मुक्ति पाते हुए धन-धान्य को प्राप्त करता है.
ये भी पढ़ें:
Hanuman Jayanti 2026: इंद्र से लेकर कुबेर तक आखिर किस देवता ने हनुमान जी को कौन सा दिया था वरदान?
Hanuman Jayanti 2026: किन 8 बड़ी सिद्धियों के कारण बजरंगी कहलाते हैं महाबली हनुमान?
9. हर आपदा से बचाते हैं हनुमान
हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की साधना सभी प्रकार की अनहोनी से बचाती है. बजरंगी के साधना साधक को तमाम तरह की दुर्घटना और मुसीबतों से बचाती है. बजरंगी अपने साधक के मान-सम्मान और शरीर की हमेशा रक्षा करते हैं.
10. चालीसा से चमकती है किस्मत
हिंदू मान्यता के अनुसार जो व्यक्ति प्रतिदिन तन और मन से पवित्र होकर चिरंजीवी हनुमान जी की पूजा में चालीसा का सात बार पाठ करता है, उसे सपने में भी कोई दुख नहीं सताता है. हनुमान चालीसा के पाठ से मिलने वाला पुण्यफल दु:ख-दुर्भाग्य को दूर करके सुख-सौभाग्य दिलाता है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














