Turmeric Astro Remedies: सनातन परंपरा में हल्दी को अत्यंत ही शुभ, पवित्र, सेहतमंद और मंगलकारी माना गया है. यही कारण है कि प्रत्येक मांगलिक कार्य में इसका प्रयोग किसी न किसी रूप में जरूर होता है. ज्योतिष में हल्दी का संबंध देवगुरु बृहस्पति से माना जाता है, जिससे जुड़े उपाय करने पर जीवन में सुख-सौभाग्य के साथ सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है. ज्योतिष के अनुसार यदि आपकी कुंडली में गुरु ग्रह से जुड़ा कोई दोष है या फिर आपको किस्मत का साथ न मिल रहा हो तो आपके लिए गुरुवार के दिन हल्दी (TURMERIC) से जुड़े ज्योतिष उपाय अत्यंत ही कारगर साबित हो सकते हैं.
घर के मुख्य द्वार इस तरह छिड़कें हल्दी
यदि आपको लगता है कि आपका भाग्य आपसे रूठा हुआ है और आपके घर में खुशियों ने दस्तक देना बंद कर दिया है तो आपको न सिर्फ गुरुवार बल्कि प्रतिदिन प्रात:काल स्नान-ध्यान करने के बाद अपने घर के मुख्य द्वार के दोनों कोनों पर हल्दी मिले जल को विशेष रूप से छिड़कना चाहिए. ज्योतिष के अनुसार हल्दी से जुड़े इस उपाय को करते ही व्यक्ति का भाग्य सोने सा चमकने लगता है.
हल्दी के इस उपाय से जल्द होंगे हाथ पीले
यदि किन्हीं कारणों के चलते आपके विवाह में बाधाएं आ रही हैं या फिर आपकी कुंडली में बृहस्पति से जुड़ा कोई दोष है, तो उसे दूर करने के लिए आपको हल्दी से जुड़ा उपाय जरूर आजमाना चाहिए. ज्योतिष के अनुसार देवगुरु बृहस्पति का आशीर्वाद पाने और शीघ्र विवाह की कामना को पूरा करने के लिए गुरुवार के दिन पानी में एक चुटकी हल्दी मिलाकर स्नान करना चाहिए. हल्दी से जुड़े इस ज्योतिष उपाय से वैवाहिक जीवन में भी खुशियां बनी रहती हैं.
हल्दी के दान से दूर होंगे सारे दुख
हिंदू मान्यता के अनुसार गुरुवार के दिन यदि किसी देवालय में जाकर किसी पुजारी या ब्राह्मण को पीले कपड़े में हल्दी, दाल, पीली मिठाई और और पीले फल दान करने पर देवगुरु बृहस्पति शीघ्र ही प्रसन्न होकर सारे दुख दूर करते हुए सुख-सौभाग्य की वर्षा करते हैं.
हल्दी का उपाय दूर करेगा पैसों की किल्लत
यदि आपको लगता है कि कठिन परिश्रम के बाद भी आपके पास पैसा नहीं टिकता है और हर समय पैसों की किल्लत बनी रहती है तो आपको धन की देवी का आशीर्वाद पाने के लिए आज भगवान लक्ष्मी और नारायण की पूजा में एक लाल कपड़े में हल्दी की कुछ गांठें रखकर अर्पित करनी चाहिए.
Shirdi Sai Baba: शिरडी वाले साईं बाबा के 11 वचन, जो भक्तों को आज भी उनके दर पर खींच लाते हैं
इसके बाद इसे अगले दिन उसी लाल कपड़े में बांधकर अपने धन स्थान पर रखें और प्रतिदिन उसे धूप-दीप दिखाते रहें. मान्यता है कि हल्दी से जुड़े इस उपाय को करने पर धन की देवी की कृपा जरूर बरसती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














