Falgun Amavasya Ki puja ke Upay: हिंदू धर्म में प्रत्येक मास के कृष्णपक्ष की पंद्रहवीं तिथि अमावस्या के नाम से जानी जाती है. स्नान-दान से लेकर पितरों की पूजा के लिए उत्तम मानी जाने वाली इस अमावस्या का महत्व तब और बढ़ जाता है जब यह फाल्गुन मास में पड़ती है. पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की अमावस्या कल 17 फरवरी 2026 को रहेगी. हिंदू मान्यता के अनुसार यदि फाल्गुन मास की अमावस्या के दिन किसी जलतीर्थ पर जाकर स्नान-दान और पितरों के लिए तर्पण आदि किया जाए तो सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है. आइए फाल्गुन मास की आमवस्या का पुण्यफल दिलाने वाले ऐसे ही 5 बड़े उपाय के बारे में विस्तार से जानते हैं.
1. पीपल की पूजा से जुड़ा उपाय
हिंदू धर्म में पीपल के वृक्ष पर ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास माना जाता है. इस वृक्ष को पितरों से जोड़कर भी देखा जाता है. मान्यता है कि यदि किसी भी मास की अमावस्या पर इसकी जड़ में जल देने के बाद सरसों के तेल का दीया जलाया जाए तो पितरों संग देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है और परिवार के सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है. हिंदू मान्यता के अनुसार अमावस्या तिथि पर पीपल के नीचे दीया जलाने से जीवन से जुड़ी तमाम तरह की बाधाएं और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती हैं.
2. पितरों की पूजा से जुड़ा उपाय
यदि आपकी कुंडली में पितृ दोष है और आप उससे मुक्ति पाना चाहते हैं या फिर आपकी पितरों का विशेष आशीर्वाद पाना चाहते हैं तो आपको अमावस्या तिथि पर उनके लिए कुछेक उपाय जरूर करने चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार फाल्गुन मास की अमावस्या पर यदि दक्षिण दिशा की ओर मुख करके पितरों के लिए श्रद्धा के साथ तर्पण और पितृसूक्त का पाठ किया जाए तो पितरों की विशेष कृपा बरसती है.
3. स्नान से जुड़ा उपाय
फाल्गुन मास की अमावस्या पर पुण्यफल की प्राप्ति के व्यक्ति को किसी जल तीर्थ पर जाकर विशेष रूप से स्नान करना चाहिए. हिंदू मान्यता के अनुसार फाल्गुन अमावस्या पर गंगा स्नान करने से साधक को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और उसके सभी पाप, दोष दूर होते हैं. अमावस्या तिथि पर जल तीर्थ पर किया गया स्नान व्यक्ति को सुख-सौभाग्य के साथ सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है.
4. फाल्गुन अमावस्या के दान का उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार फाल्गुन मास की अमावस्या पर स्नान के साथ दान का विशेष विधान है. मान्यता है कि यदि इस तिथि पर व्यक्ति जल तीर्थ पर स्नान करने के बाद जरूरमंद लोगों या फिर किसी पुजारी या कर्मकांडी ब्राह्मण को तिल, वस्त्र, अन्न, गाय, गुड़, घी, काले जूते, काला छाता, और धन आदि का दान करता है तो उसके जीवन से जुड़े दुख और दोष दूर होते हैं और पुण्यफल की प्राप्ति होती है.
5. आर्थिक दिक्कत दूर करने का उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार किसी भी मास की अमावस्या तिथि धन की देवी को प्रसन्न करने के लिए अत्यंत ही शुभ और फलदायी मानी गई है. ऐसे में इस दिन व्यक्ति को अपने घर की साफ-सफाई करने के बाद माता लक्ष्मी की विशेष पूजा और उनके मंत्र का जप करना चाहिए. अमावस्या के दिन अपने घर के मुख्य द्वार पर विशेष रूप से दीया जलाएं और घर के किसी कोने में अंधेरा न छोड़ें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














