Eid Ul-Fitr 2026: मुस्लिम समुदाय में साल में दो बड़े त्योहार मनाए जाते हैं- ईद-उल-फितर और ईद-उल-अजहा. आम बोलचाल में इन्हें 'मीठी ईद' और 'बकरीद' कहा जाता है. हालांकि दोनों ही ईद खुशी, इबादत और भाईचारे का प्रतीक हैं, लेकिन इनके मनाने का कारण और परंपराएं अलग-अलग हैं.
क्या होती है मीठी ईद (ईद-उल-फितर)?
ईद-उल-फितर रमजान के महीने के खत्म होने के बाद मनाई जाती है. रमजान इस्लामिक कैलेंडर का सबसे पवित्र महीना होता है, जिसमें रोजे रखे जाते हैं और अल्लाह की इबादत की जाती है. रमजान का चांद दिखने के बाद अगले दिन ईद मनाई जाती है, जिसे 'चांद मुबारक' के नाम से भी जाना जाता है. इस ईद को 'मीठी ईद' इसलिए कहा जाता है क्योंकि इस दिन सेवइयां और शीर खुरमा जैसे मीठे पकवान बनाए जाते हैं. रोजा खत्म होने की खुशी में मिठाइयां बांटी जाती हैं.
इस दिन की खास बातें:
1- नमाज अदा की जाती है
2- गरीबों को जकात-उल-फितर दिया जाता है
3- नए कपड़े पहने जाते हैं
4- बच्चों को ईदी दी जाती है
यह ईद रोजे रखने वालों के लिए एक तरह का इनाम मानी जाती है.
क्या होती है बकरीद (ईद-उल-अजहा)?
ईद-उल-अजहा को बकरीद या 'कुर्बानी की ईद' भी कहा जाता है. यह ईद, मीठी ईद के लगभग 70 दिन बाद मनाई जाती है. इस ईद का संबंध हजरत इब्राहिम की कुर्बानी से है. मान्यता के अनुसार, अल्लाह ने हजरत इब्राहिम से उनके बेटे की कुर्बानी मांगी थी. उन्होंने अल्लाह की आज्ञा मान ली, लेकिन आखिरी समय में उनके बेटे की जगह एक जानवर की कुर्बानी हो गई. तभी से कुर्बानी देने की परंपरा शुरू हुई.
इस दिन की खास बातें:
1- नमाज अदा की जाती है
2- जानवर की कुर्बानी दी जाती है
3- मांस को गरीबों और जरूरतमंदों में बांटा जाता है
4- अल्लाह के प्रति समर्पण दिखाया जाता है
ईद का असली संदेश
दोनों ईद का मकसद एक ही है- भाईचारा, दया और इंसानियत. इन दिनों लोग एक-दूसरे से मिलते हैं, गले लगते हैं और खुशियां बांटते हैं. जरूरतमंदों की मदद करना भी इन त्योहारों का अहम हिस्सा है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें: Eid Ul Fitr 2026: भारत में भी नहीं दिखा ईद का चांद, शनिवार 21 मार्च को ईद मनाने का ऐलान, जानें अपडेट
Eid al-Fitr Date: ईद-उल-फितर को मीठी ईद क्यों कहा जाता है? जानें कब मनाई जाएगी ईद
भारत और सऊदी अरब में अलग-अलग दिन क्यों मनाई जाती है ईद? जानें भारत में कब है मीठी ईद














