Akshaya Tritiya 2026: हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया की तिथि का बेहद खास महत्व है. यह दिन सुख, समृद्धि और शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए खास माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए इसे 'अक्षय' तृतीया कहा जाता है.
साल 2026 में कब है अक्षय तृतीया?
पंचांग के अनुसार, वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से शुरू होगी और 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 27 मिनट तक रहेगी. ऐसे में अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को ही मनाई जाएगी.
अक्षय तृतीया पर सोना और चांदी के अलावा नमक खरीदने की भी एक खास परंपरा है. इसे लेकर NDTV संग हुई खास बातचीत के दौरान ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित ने बताया, इस दिन नमक खरीदना बहुत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि नमक घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और सकारात्मकता लाता है. इस दिन नमक खरीदने से घर में दरिद्रता खत्म होती है और सुख-समृद्धि का वास होता है.
नमक को शुद्धता और संतुलन का प्रतीक माना जाता है. इसलिए इसे इस दिन घर में लाकर कांच की कटोरी या कांच की बर्नी में रखना चाहिए. इससे घर का वास्तु दोष भी दूर होता है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है.
यह भी पढ़ें- Vivah Muhurat 2026: अप्रैल में इस दिन समाप्त होगा खरमास, जानिए अगले तीन महीने के शादी के शुभ मुहूर्त
दान करें ये चीजेंइस दिन दान-पुण्य का भी खास महत्व होता है. अक्षय तृतीया के दिन जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र या धन का दान करने से विशेष पुण्य मिलता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किए गए अच्छे कर्म जीवन में लगातार शुभ फल देते हैं.
इस बार पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. इस समय मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करना बेहद फलदायी माना जाएगा. आप इस दौरान घर में सुख-समृद्धि और धन की वृद्धि के लिए विशेष पूजा कर सकते हैं.














