भोजपुरी सिनेमा का इतिहास पुराना है, जिसमें पति-पत्नी के रिश्ते से लेकर सास बहू की नोकझोंक को खूबसूरती और मजाकियां अंदाज में दिखाया गया है. लेकिन क्या आप 109 साल पुराने उस नाटक के बारे जानते हैं, जिसे भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर ने तैयार किया था. हम बात कर रहे हैं नाटक बिदेसिया की, जिसमें ‘का से कहूं मैं दरददिया हो रामा, पिया परदेस गए' पंक्ति आज भी उन महिलाओं के लिए सटीक संदेश है, जो जरा-जरा सी बात पर पति पर अत्याचार करने से गुरेज नहीं करतीं.
पति पत्नी के बिछोह का भिखारी ठाकुर ने दिखाया दर्द
भिखारी ठाकुर ने 109 साल पहले ही पति-पत्नी के बिछोह की पीड़ा को इतनी गहराई से दिखाया था कि आज के इस टूटते रिश्तों के दौर में भी यह नाटक अपनी प्रासंगिकता नहीं खोता. बिदेसिया उन महिलाओं को याद दिलाता है कि पति का साथ कितना अनमोल होता है और परदेस या किसी भी परिस्थिति में अलगाव कितना दर्दनाक हो सकता है. यह नाटक सिर्फ विरह की कहानी नहीं बल्कि वैवाहिक जीवन में समझ, सहनशीलता और प्रेम की अहमियत सिखाता है.
वक्त के साथ सब कुछ पीछे छूट जाता है लेकिन कभी-कभी कुछ रचनाएं और नाटक ऐसे होते हैं जो दशकों तक लोगों के दिलों में अमर रह जाते हैं. आज भी जब बिदेसिया रंगमंच पर प्रस्तुत होता है तो पत्नी का वह करुण वियोग दर्शकों को सीट पर जकड़ लेता है. आंखों से आंसू बहने लगते हैं. खासकर आज के दौर में जब बेरोजगारी के कारण यूपी-बिहार और पूर्वांचल से युवा परदेस जाते हैं, तब नई-नवेली दुल्हनों को पति के इंतजार में तड़पना पड़ता है ठीक वैसी ही पीड़ा जो भिखारी ठाकुर ने 109 साल पहले चित्रित की थी.
भिखारी ठाकुर ने महिलाओं की इस अंतहीन पीड़ा को नाटक के माध्यम से बड़े ही मार्मिक ढंग से सामने लाया. शायद उन्होंने अपने बचपन या जवानी में बिहार के गांवों में ऐसी अनेक महिलाओं को देखा था, जिनके पति पेट की आग बुझाने परदेस चले जाते थे और पीछे सिर्फ आंसू, सूना घर और लंबा इंतजार छोड़ जाते थे.
ये भी पढे़ं- बनराकस के बाद क्रांति देवी ने पंचायत सीजन 5 की रिलीज डेट बताने के लिए रखी शर्त, प्राइम वीडियो ने शेयर किया नया वीडियो
कौन हैं भिखारी ठाकुर
भिखारी ठाकुर का जन्म 18 दिसंबर 1887 बिहार के सारण (छपरा) जिले स्थित एक गांव में एक नाई परिवार में हुआ. वे भोजपुरी के महान लोक कलाकार, कवि, गीतकार, नाटककार, अभिनेता, नर्तक और समाज सुधारक थे. भिखारी ठाकुर को यूं तो कई पुरस्कार, सम्मान से नवाजा जा चुका है. भोजपुरी के अन्य स्टार रवि किशन से लेकर खेसारी लाल यादव और सुपरस्टार पवन सिंह भिखारी ठाकुर को अपना आदर्श मानते हैं. कलाकारों का मानना है कि भिखारी ठाकुर ने जो भोजपुरी कला क्षेत्र के लिए किया, जो योगदान दिया, उसे कभी भूलाया नहीं जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं