विज्ञापन

दूरी भी नहीं मिटा पाई बचपन का प्यार, यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की मेघना संग सगाई, CM ने लगवाए जयकारे

यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री और कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह जल्द ही स्कूल की जूनियर मेघना चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. अलीगढ़ के डीपीएस से शुरू हुई यह खूबसूरत लव स्टोरी अब दोनों परिवारों की सहमति से विवाह में बदलने जा रही है. 

दूरी भी नहीं मिटा पाई बचपन का प्यार, यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की मेघना संग सगाई, CM ने लगवाए जयकारे
up minister sandeep singh meghna chaudhary school love story wedding details
  • संदीप सिंह और मेघना चौधरी की प्रेम कहानी दिल्ली पब्लिक स्कूल अलीगढ़ से शुरू होकर शादी तक पहुंच चुकी है
  • मेघना की विदेश में लॉ की पढ़ाई के बावजूद दोनों का प्यार और विश्वास समय के साथ मजबूत होता गया
  • परिवारों के बीच शुरू हुई पारिवारिक अड़चनों के बाद साल 2024 में शादी को लेकर सहमति बनी है

कहते हैं कि अगर प्यार सच्चा हो, तो वक्त और दूरियां भी उसे कम नहीं कर पातीं. कुछ ऐसी ही खूबसूरत और अटूट प्रेम कहानी है उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और गाजियाबाद की मेघना चौधरी की. स्कूल के दिनों से शुरू हुआ इन दोनों का प्यार अब जल्द ही शादी के पवित्र बंधन में बदलने जा रहा है. अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरू हुआ दोस्ती का यह सफर अब दोनों परिवारों की रजामंदी के साथ विवाह के मंडप तक पहुंच चुका है.

डीपीएस अलीगढ़ में धड़का था पहली बार दिल

इस प्रेम कहानी की शुरुआत अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई थी. संदीप सिंह स्कूल में मेघना चौधरी से सीनियर थे, जबकि मेघना उनकी जूनियर थीं. स्कूल की पढ़ाई के दौरान ही दोनों की पहली मुलाकात हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदली. वक्त बीतने के साथ यह दोस्ती गहरे प्यार में तब्दील हो गई. साल 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप सिंह स्कूल से बाहर आ गए, लेकिन दोनों के दिलों के तार जुड़े रहे.  

up minister sandeep singh meghna chaudhary school love story wedding details

सात समंदर पार भी फीका नहीं पड़ा प्यार

स्कूल के बाद जहां संदीप सिंह ने राजनीति और जनसेवा की राह चुनी, वहीं मेघना चौधरी ने अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखी. बाद में मेघना कानून (लॉ) की पढ़ाई करने के लिए विदेश चली गईं. अलग-अलग देशों और अलग-अलग क्षेत्रों में रहने के बावजूद दोनों के बीच का संपर्क कभी नहीं टूटा. उनका भरोसा और प्यार वक्त के साथ और मजबूत होता गया. 

पारिवारिक अड़चनों के बाद मिली हरी झंडी

साल 2024 में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई. शुरुआत में कुछ पारंपरिक और पारिवारिक अड़चनें जरूर आईं, लेकिन दोनों के सच्चे प्यार के आगे आखिरकार सहमति बन ही गई. अब दोनों ही परिवार इस शादी की तैयारियों में पूरे उत्साह के साथ जुटे हैं.

संदीप सिंह का रसूखदार राजनीतिक परिवार

संदीप सिंह यूपी के बेहद कद्दावर और चर्चित राजनीतिक परिवार से आते हैं. वह यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पोते हैं. उनके पिता राजवीर सिंह भी सांसद रह चुके हैं. वर्तमान में संदीप सिंह यूपी सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. 

इगलास की रहने वाली हैं मेघना, पिता हैं बड़े कारोबारी

मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के तहसील इगलास के थाना गोंडा क्षेत्र के तारापुर गांव का रहने वाला है. हालांकि, पिछले करीब 15 वर्षों से उनका परिवार गाजियाबाद के लाजपत नगर में रह रहा है. मेघना के पिता अरुण चौधरी गाजियाबाद के एक बड़े कारोबारी हैं और उनका जूतों का व्यवसाय है. उनकी माता का नाम विजया चौधरी और छोटे भाई का नाम करन है. मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं. इस रिश्ते के जुड़ने के साथ ही शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का गाजियाबाद से भी एक मजबूत पारिवारिक जुड़ाव होने जा रहा है. 

दोनों भाइयों की एक साथ गूंजेगी शहनाई 

इस शादी में एक और बेहद खास और अनोखा संयोग होने जा रहा है. बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के साथ-साथ उनके छोटे भाई सौरभ सिंह भी इसी मंडप में परिणय सूत्र में बंधेंगे. शनिवार, 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में एक भव्य समारोह में दोनों भाइयों की सगाई हुई.  दोनों भाइयों की शादी 27 नवंबर 2026 को दिल्ली में प्रस्तावित है. इस शाही शादी के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है. दिल्ली में शादी के फेरों के बाद नवाबों के शहर लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किए जाने की भी चर्चा है.

यह भी पढ़ें- 100 बीघा में पंडाल, 80 हजार मेहमान, कल्याण सिंह के पोतों की शाही सगाई; सीएम योगी भी पहुंचे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com