भारत सरकार ने देश में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान (Research) और नवाचार (Innovation) को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री रिसर्च चेयर (Prime Minister Research Chair- PMRC) Scheme शुरू की है. इस योजना का उद्देश्य विदेशों में काम कर रहे भारतीय वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को भारत के शीर्ष शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों से जोड़ना है, ताकि वे देश में विश्वस्तरीय शोध और तकनीकी विकास में योगदान दे सकें. यह योजना शिक्षा मंत्रालय (Ministry of Education) के उच्च शिक्षा विभाग (Department of Higher Education) द्वारा संचालित की जा रही है और इसे भारत को वैश्विक रिसर्च हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
क्या है प्रधानमंत्री रिसर्च चेयर (PMRC) योजना
प्रधानमंत्री रिसर्च चेयर (PMRC) एक सेंट्रल सेक्टर स्कीम है. इसके तहत विदेशों में कार्यरत प्रतिष्ठित भारतीय मूल के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों को भारत के प्रमुख सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों और राष्ट्रीय अनुसंधान प्रयोगशालाओं में रिसर्च करने और युवा शोधकर्ताओं का मार्गदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा.
इस योजना के लिए कौन आवेदन कर सकता है
विदेश में कार्यरत भारतीय नागरिक, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया, भारतीय मूल के व्यक्ति. इसके अलावा विदेशों के विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं या उद्योगों में कार्यरत प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों के पास अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य, अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां और नेतृत्व क्षमता होना आवश्यक है. अंतिम चयन उपलब्धियों, अनुभव और प्रस्तावित शोध परियोजना के आधार पर किया जाता है.
किन संस्थानों में मिलता है अवसर
चयनित शोधकर्ताओं को भारत के प्रमुख सरकारी संस्थानों में कार्य करने का अवसर मिलता है. इनमें प्रमुख हैं-
- NIRF रैंकिंग वाले सरकारी उच्च शिक्षण संस्थान
- CSIR की राष्ट्रीय प्रयोगशालाएं
- DST से जुड़े अनुसंधान संस्थान
- DBT के शोध संस्थान
- ICMR की प्रयोगशालाएं
- अन्य पात्र राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थान
- किन क्षेत्रों में होगा शोध?
PMRC योजना के तहत देश की प्राथमिकता वाले कई रणनीतिक क्षेत्रों में शोध को बढ़ावा दिया जाना है. जैसे-
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
- एडवांस्ड कंप्यूटिंग और सुपरकंप्यूटिंग
- क्वांटम टेक्नोलॉजी
- सेमीकंडक्टर
- साइबर सुरक्षा
- बायोटेक्नोलॉजी
- हेल्थकेयर और मेडिकल टेक्नोलॉजी
- एडवांस्ड मैटेरियल्स
- रेयर अर्थ एवं क्रिटिकल मिनरल्स
- ऊर्जा एवं सतत विकास (Energy & Sustainability)
- कृषि एवं खाद्य प्रौद्योगिकी
- स्पेस और डिफेंस टेक्नोलॉजी
- ब्लू इकोनॉमी और अन्य राष्ट्रीय प्राथमिकता वाले क्षेत्र
कितनी मिलेगी फंडिंग
PMRC योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को उनकी श्रेणी के अनुसार वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है. योजना में विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं, जैसे Young Research Fellow, Senior Research Fellow, Research Chair. इन श्रेणियों के अनुसार फेलोशिप, रिसर्च ग्रांट, प्रयोगशाला खर्च, उपकरण, मानव संसाधन सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं.
आवेदन कैसे करें
इच्छुक उम्मीदवार PMRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान शोध प्रस्ताव (Research Proposal), शैक्षणिक उपलब्धियां, अनुभव और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देश और पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं