बेटी की हत्या कर 10 साल से फरार था आरोपी पिता, दिल्ली पुलिस ने दस साल बाद कुछ यूं किया गिरफ्तार

जम्मू पुलिस की सूचना के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मयंक को सूचना मिली कि आरोपी दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भाटी माइंस की संजय कॉलोनी इलाके में रह रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस ने हत्या के आरोप में बीते दस साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान रमेश कुमार के रूप में की है. आरोपी पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप है.पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी बीते एक दशक से अपनी पहचान बदलकर रह रहा था. इस दौरान वो कई सालों तक दिल्ली में भी रहा. पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का रहने वाला है. वह साल 2016 में जम्मू के गांधी नगर थाना इलाके में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.

पुलिस के मुताबिक 2016 में रमेश कुमार जम्मू में  मजदूर के तौर पर काम करता था. इसी दौरान उसे शक हो गया कि उसकी 10 साल की बेटी उसकी सगी बेटी नहीं है. इसी शक में उसने गुस्से में आकर डंडे से बेटी के सिर पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.वारदात के बाद आरोपी जम्मू से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना नाम बदलकर राजवीर रख लिया और दिल्ली आकर रहने लगा.

जम्मू पुलिस की सूचना के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मयंक को सूचना मिली कि आरोपी दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भाटी माइंस की संजय कॉलोनी इलाके में रह रहा है. इसके बाद डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा के निर्देश पर इंस्पेक्टर अक्षय गहलौत की अगुवाई में एक टीम बनाई गई. टीम ने कई दिनों तक इलाके में निगरानी और तकनीकी जांच की. आखिरकार पुलिस ने आरोपी को भाटी माइंस इलाके से पकड़ लिया.

गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत जम्मू पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जम्मू पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी को औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. करीब 10 साल बाद आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस इस मामले में बड़ी सफलता मान रही है। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जम्मू पुलिस करेगी. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: साहिल की मौत से सबक जरूरी, नाबालिग रोज कर रहे 16 हादसे... जानिए कौन सा राज्य सबसे खतरनाक?

यह भी पढ़ें: दिल्ली के रोहिणी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गोगी गैंग से जुड़ा युवक मारा गया, इलाके में दहशत

Featured Video Of The Day
Bengal Elections 2026: Kharagpur Sadar की जंग, BJP-TMC उम्मीदवारों ने लगाए एक दूसरे के खिलाफ नारे!
Topics mentioned in this article