- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आरोपी महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को गिरफ्तार किया है.
- बॉबी कबूतर दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में हथियार मुहैया कराने वाला प्रमुख आरोपी था.
- पुलिस के अनुसार बॉबी कबूतर पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले की गई रेकी में शामिल था.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाशिम बाबा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक मोस्ट वांटेड गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है. आरोपी फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में वांटेड था. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बॉबी कबूतर सिद्धू मूसेवाला के घर की रेकी में भी शामिल था. मूसेवाला के मर्डर के करीब चार साल बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, साथ ही उसके खिलाफ मर्डर के कई मामले दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक, बॉबी कबूतर ने दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले बदमाशों को हथियार मुहैया करवाए थे. दिशा पाटनी के घर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार विदेश में आए थे. इस मामले में दो शूटर एनकाउंटर में ढेर हो गए हैं, जबकि जबकि तीन गिरफ्तार हुए हैं.
सीलमपुर का रहने वाला है महफूज
पुलिस अब बॉबी कबूतर से पूछताछ करने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किस के कहने पर यह हथियार मुहैया करवाए थे.
उधर, सिद्धू मूसेवाला सहित अन्य कई मामलों में भी बॉबी कबूतर की तलाश की जा रही थी. आरोपी बॉबी दिल्ली के सीलमपुर इलाके का रहने वाला है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का भरोसेमंद है बॉबी
पुलिस के मुताबिक, बॉबी कबूतर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी और बेहद भरोसेमंद माना जाता है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था और गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था.
साथ ही जांच में पता चला है कि बॉबी कबूतर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले की गई रेकी में भी शामिल था. बताया जाता है कि उसकी भूमिका इस हाई-प्रोफाइल हत्या से पहले जमीनी स्तर की जानकारी जुटाने से जुड़ी थी. इस हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर दिया था.
बता दें कि पंजाब के मनसा जिले के जवाहरके गांव में 29 मई 2022 को अज्ञात हमलावरों ने सिद्धू मूसेवाला की गोलियों से भून कर हत्या कर दी थी. हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ बताया गया था. मामले में पंजाब पुलिस ने कई गिरफ्तारियां कीं है.














