दिल्ली से सटे फरीदाबाद (हरियाणा) में एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग के चलते बैडमिंटन के स्टेट लेवल के खिलाड़ी की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, पुलिस तफ्तीश में शामिल होने आए एक युवक को लड़की के परिवार के लोगों ने किडनैप किया और उसके साथ मारपीट की. तीन दिन बाद जब परिजनों को युवक घायल हालत में मिला तो उसको इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रेम-प्रसंग के चलते की गई मारपीट
भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मृतक युवक मोनू (21) के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि मोनू ने हाल में ही 12वीं क्लास के पेपर दिए थे. उसने परीक्षा 70 फीसद अंक से पास की थी. युवक ने स्कूल की तरफ से स्टेट लेवल पर बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था. जिला स्तर पर उसके पास कई मेडल भी थे. मोनू दो भाई थे और पिता भीम सिंह ड्राइवर हैं.
फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी का सैदपुर गांव में अपने मामा के घर आना-जाना था. इसी दौरान दोनों के बीच में प्रेम हो गया.
अप्रैल में लड़की को भगाने का मामला दर्ज हुआ
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल के महीने में मोनू नाबालिग को लेकर चला गया था. इसको लेकर तिंगाव थाना में लड़की के पिता ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने लड़की को उसके घर से बरामद कर लिया था, लेकिन वह फरार चल रहा था.
परिजन बोले- लड़के के घरवालों ने किडनैप किया
मृतक के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि 17 मई को मोनू घर से यह कहकर निकला था कि वह तिंगाव थाना में तफ्तीश में शामिल होने के लिए जा रहा है, लेकिन लड़की के परिवार के लोगों ने उसका किडनैप कर लिया और उसके साथ मारपीट की. आरोप लगाया कि 3 दिन तक वह उसको लगातार टार्चर करते रहे.
20 मई को पुलिस का उनके पास कॉल आया और बताया कि कि मोनू घायल हालत में लड़की के घर के बाहर मिला है, जिसको वह अस्पताल लेकर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और मोनू को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
इलाज के दौरान हुई मौत
चाचा नरेन्द्र ने बताया कि उन्होंने 20 मई को इलाज के लिए मोनू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन दो दिन बाद इलाज के लिए दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है तीन दिनों तक किडनैप करके उसे पीटा गया था.
पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर किडनैपिंग की धाराएं सहित दूसरी धारा लगाई हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.














