IPL टिकटों की कालाबाजारी: सटोरियों को प्रीमियम सुविधा, जेबकतरों को भी देते टिकट: दिल्ली में गैंग का भंडाफोड़

आरोपी खुद को DDCA का अधिकृत विक्रेता बताकर लोगों को ठगते थे. फ्री में मिलने वाले VIP कॉम्प्लिमेंट्री पास, जिन पर 'Not for Sale' लिखा होता है, उन्हें 20,000 रुपये तक में बेचते थे. सामान्य टिकट भी दोगुने-तिगुने दाम पर बेचते थे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
देश में जहां आईपीएल मैच होता, वहां जाता था गैंग.

IPL के रोमांच के बीच टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है. क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो न केवल महंगे दामों पर टिकट बेचता था, बल्कि उन कॉम्प्लिमेंट्री पास यानी मैच देखने वाले फ्री पास को भी हजारों रुपये में बेच रहा था, जिन पर साफ लिखा होता है— Not for Sale.  पकड़े गए तीनों आरोपियों से दिल्ली पुलिस ने कुल 54 IPL टिकट बरामद किए, जिसमें 33 कॉम्प्लिमेंट्री पास हैं.

डीसीपी क्राइम ब्रांच ने बताया कि क्राइम ब्रांच को पुख्ता जानकारी मिली थी कि दिल्ली गेट के पास कुछ लोग आईपीएल टिकटों (IPL Tickets) की ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं. इस सूचना पर एसीपी संजय कुमार नागपाल की देखरेख में इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम की टीम ने जाल बिछाया. दिल्ली पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो खुद को क्रिकेट एसोसिएशन DDCA का अधिकृत विक्रेता बताकर लोगों को ठग रहे थे.

जहां IPL होता, वहां जाता था गैंग

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुरादाबाद, यूपी के रहने वाले मुकीम, जामिया नगर ओखला का रहने वाला गुफरान ऊर्फ साजिद और दिल्ली के सीलमपुर का रहने वाला मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है. पूछताछ में इन आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गैंग केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में जहां-जहां आईपीएल मैच होते थे, वहां हवाई जहाज से सफर करके जाता था.

जो वीआईपी पास फ्री में दिए जाते हैं, उन्हें ये आरोपी 20,000 रुपये तक में बेचते थे. दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी सामान्य टिकटों को उनकी कीमत से दोगुने या मैच की डिमांड के हिसाब से और भी महंगे रेट पर बेचते थे.

Advertisement

जेब कतरों को भी देते टिकट, सटोरियों का मिलता प्रीमियम टिकट

क्राइम ब्रांच की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि ये गिरोह उन लोगों को प्रीमियम टिकट सप्लाई करता था जो स्टेडियम के अंदर बैठकर लाइव सट्टा लगवाते हैं. इसके अलावा जेबकतरों और अन्य अपराधियों को भी ये टिकट मुहैया कराते थे. दिल्ली पुलिस ने इनसे कुल 54 आईपीएल टिकट जिसमें 33 कॉम्प्लिमेंट्री पास बरामद किए हैं और 25,000 रुपये नकद भी मिले हैं.

पहले भी तीनों जा चुके हैं जेल

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये तीनों पहले भी टिकटों की कालाबाजारी और धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं. गुफरान के खिलाफ 2011 में दिल्ली के नंद नगरी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है.  फैसल के खिलाफ भजनपुरा में चोरी और पंजाब में जुआ अधिनियम व धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं. वहीं मुकीम हरियाणा के फरीदाबाद में ऑटो एक्सपो के दौरान टिकट ब्लैक करने के आरोप में पकड़ा जा चुका है.

Advertisement

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन्हें इतने बड़े पैमाने पर कॉम्प्लिमेंट्री पास कहां से और किसके जरिए मिलते थे. पुलिस का कहना है कि इस सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.

Featured Video Of The Day
PM Modi in Bengaluru: Art of Living के कार्यक्रम में PM Modi का संबोधन | NDTV India