Delhi Fake Spices Raid: पुरानी दिल्ली के मशहूर खारी बावली मसाला बाजार में मिलावट का ऐसा बड़ा खेल सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है. क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में एक ऐसी अवैध यूनिट पकड़ी गई, जहां नकली और मिलावटी मसाले बनाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान 800 किलो से ज्यादा नकली मसाले और संदिग्ध केमिकल बरामद हुए हैं. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.
खारी बावली में चल रहा था कारोबार
पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके में लंबे समय से यह अवैध धंधा चल रहा था. बाहर से यह जगह एक सामान्य गोदाम या मसाला पीसने की यूनिट नजर आती थी, लेकिन अंदर बड़े स्तर पर नकली मसाले तैयार किए जा रहे थे. आरोपी सस्ते और घटिया सामान को मिलाकर असली मसालों के नाम पर बाजार में बेच रहा था.
गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
क्राइम ब्रांच को 23 मई 2026 को सूचना मिली थी कि नया बांस इलाके में एक यूनिट में मिलावटी मसाले बनाए जा रहे हैं. इसके बाद टीम ने तुरंत योजना बनाकर छापा मारा. हाउस नंबर-98 में घुसते ही पुलिस ने देखा कि वहां मसाले पीसने और पैकिंग का काम चल रहा था. मौके पर ही सारी गतिविधियां पकड़ी गईं.
जांच में सामने आया कि आरोपी हल्दी, लाल मिर्च, पीली मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाले जैसे रोज इस्तेमाल होने वाले मसालों में मिलावट करता था. इन मसालों में चावल के टूटे टुकड़े, मिर्च के डंठल और धनिया के सूखे हिस्से मिलाए जाते थे, जिससे लागत कम और मुनाफा ज्यादा हो.
खतरनाक रंगों का भी किया जा रहा था इस्तेमाल
मसालों को देखने में असली और चमकदार बनाने के लिए आर्टिफिशियल रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस को मौके से ऐसे कई संदिग्ध फूड कलर मिले हैं, जिनके बारे में शक है कि वे खाने योग्य नहीं हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे केमिकल लंबे समय तक सेवन करने से शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं.
800 किलो से ज्यादा मिलावटी माल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 801.88 किलो मिलावटी मसाले और कच्चा माल जब्त किया. इसके अलावा मसाले तैयार करने वाली मशीनें और पैकिंग का सामान भी मिला. आशंका है कि इन नकली मसालों को अलग-अलग ब्रांड के नाम से बाजार में बेचा जा रहा था.
कार्रवाई के दौरान फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. अधिकारियों ने मसालों के नमूने लिए और उन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया. रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी कानूनों के तहत अलग से कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस ने 31 साल के आरोपी कमलजीत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ FIR दर्ज की है. उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. अब क्राइम ब्रांच यह पता लगा रही है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह माल किन-किन जगहों पर सप्लाई किया जा रहा था.
सेहत के लिए बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मिलावटी मसाले कैंसर, पेट की बीमारी, एलर्जी और लीवर की समस्या जैसी गंभीर बीमारियां पैदा कर सकते हैं. ऐसे में यह मामला सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी का नहीं, बल्कि लोगों की जान से खेलने जैसा भी है.














