उत्तम नगर हत्याकांड में परेशान कर देने वाला खुलासा: किसी की जान गई, किसी ने इसे कमाई का जरिया बना लिया

दिल्ली के उत्तम नगर में होली वाले दिन रंग डालने के विवाद में 26 वर्षीय तरुण कुमार की क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला करके हत्या कर दी गई थी. पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन रंग डालने को लेकर विवाद में तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी
  • अब आरोपी परिवार की एक महिला का वीडियो वायरल करके 2 दिन में 37 लाख रुपये इकट्ठा कर लिए गए
  • घटना को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दिल्ली पुलिस कार्रवाई कर रही है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए तरुण हत्याकांड ने अब चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. कुछ लोग इस घटना को कमाई का जरिया बनाने में जुट गए हैं. पुलिस ने ऐसी ही एक साजिश का पर्दाफाश किया है, जिसमें आरोपी परिवार की एक महिला का वीडियो वायरल करके महज दो दिनों में 37 लाख रुपये इकट्ठा कर लिए गए थे. मामले का पता लगने पर पुलिस ने बैंक खाते को फ्रीज करा दिया है और पैसा इकट्ठा करने वाले की तलाश कर रही है.  

वीडियो वायरल कर 2 दिन में जुटाए 37 लाख

जांच के दौरान पुलिस को पता लगा कि कुछ लोग तरुण हत्याकांड से जुड़ी झूठी कहानी बनाकर लोगों से पैसे इकट्ठा कर रहे थे. 10 मार्च को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी परिवार की महिला के बयान के साथ एक क्यूआर कोड दिखाकर लोगों से आर्थिक मदद की अपील की जा रही थी. पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि सिर्फ दो दिनों के अंदर ही बैंक खाते में करीब 37 लाख रुपये जमा हो चुके थे. 

पुलिस ने बैंक खाते को फ्रीज कराया

मामले को संभावित ठगी मानते हुए द्वारका जिला पुलिस ने तुरंत बैंक मैनेजर को सूचना दी और उस बैंक खाते की क्रेडिट और डेबिट सुविधाएं बंद करवा दीं.  पुलिस ने खाते में जमा पूरी रकम को फ्रीज करवा दिया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और पैसे जमा कराने वालों की भी जांच कर रही है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ये वीडियो एक शख्स ने महिला के पास आकर रिकॉर्ड किया था. 

वीडियो वायरल करने वाले की तलाश

पुलिस के मुताबिक, वीडियो बनाने के बाद उस शख्स ने इसे फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया और साथ में एक QR कोड लगा दिया. मदद की महिला की अपील के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने पैसे भेजने शुरू कर दिए और देखते ही देखते खाते में 37 लाख रुपये जमा हो गए. पुलिस सूत्रों का कहना है कि महिला आरोपियों के परिवार की रिश्तेदार है, पर उसका तरुण की हत्या में कोई रोल नही है. जिस शख्स ने महिला का इंटरव्यू लेकर क्यूआर कोड के साथ वायरल किया था, उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है. आरोपी परिवार को भी यह जानकारी नहीं है कि बैंक अकाउंट का क्यूआर कोड डालने वाला कौन था. 

Advertisement

सोशल मीडिया से हटा रहे भ्रामक पोस्ट

द्वारका जिला पुलिस ने तरुण की हत्या मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से संबंधित पोस्ट हटवाई जा रही हैं. एक्स (ट्विटर) को आईटी एक्ट के तहत 14 टेकडाउन रिक्वेस्ट भेजी गई हैं. वहीं इंस्टाग्राम पर भी ऐसे कंटेंट को हटाने के लिए 8 रिक्वेस्ट दी गई हैं. 

अफवाह फैलाने वालों पर कसेगी नकेल

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी फैलाना कानूनन अपराध है. ऐसी गतिविधियां सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए जो लोग जानबूझकर अफवाह फैलाने या गलत जानकारी के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी खबर या वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें और अफवाहों से बचें. अगर किसी को सोशल मीडिया पर संदिग्ध या भड़काऊ कंटेंट दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें. 

Advertisement

होली के दिन हुआ क्या था?

बता दें कि तरुण की हत्या होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई थी. पीड़ित पक्ष का दावा है कि 11 साल की बच्ची अपनी छत से होली खेल रही थी. इसी दौरान उसकी ओर से फेंका गया एक गुब्बारा नीचे गिर गया और वहां गुजर रही मुस्लिम समुदाय की एक महिला पर रंग के छींटे लग गए. बच्ची के परिवार का दावा है कि उन्होंने महिला से तुरंत माफी मांग ली थी. इसके बावजूद महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया. उसके परिजन और रिश्तेदार भी आ गए. 

आरोप है कि उन लोगों ने 26 वर्षीय तरुण को घेर लिया और क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई. इसके बाद शुक्रवार को इलाके में तनाव फैल गया. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है. तरुण की हत्या मामले में 14 बालिगों को गिरफ्तार किया गया है, दो नाबालिग भी पकड़े हैं.

ये भी देखें- सावधान! LPG के नाम पर साइबर ठगों ने सिर्फ 4 दिन में लूट लिए 26 लाख
 

Featured Video Of The Day
Iran Struck US Ship in Persian Gulf, Indian Sailors On Board फंस गए. Drone Attack video!