- कनाडा के ब्राम्पटन में रवि ढींढसा के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है
- सोशल मीडिया पर महेंद्र ढेलाना उर्फ सनी यामा ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए धमकी भरा पोस्ट किया है
- पोस्ट में कहा गया है कि फोन का जवाब न मिलने पर फायरिंग करवाई गई है और जल्द जवाब देने को कहा गया है
कनाडा के ब्राम्पटन में फायरिंग की एक घटना को लेकर गैंगवार से जुड़ा दावा सामने आया है. दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और पोस्ट में रोहित गोदारा गैंग से जुड़े लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने की बात कही है. हालांकि, इस पोस्ट और वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है. सामने आए दावे के मुताबिक, कनाडा के ब्राम्पटन में रवि ढींढसा के घर पर फायरिंग की गई है. इस फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग की ओर से लेने का दावा किया गया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है.
ये भी पढ़ें ; इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी; लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी
सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी लेने का दावा
फायरिंग के बाद महेंद्र ढेलाना उर्फ सनी यामा के नाम से एक पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आई है. इस पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए रवि ढींढसा को धमकी देने का दावा किया गया है. पोस्ट में लिखा गया है कि जय श्रीराम, राम राम सभी भाइयों को, मैं महेंद्र, सनी. भाइयों, ये जो आज Brampton (Canada) में रवि के घर पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं. इसको हमने फोन लगाया तो इसने हमारे फोन का जवाब नहीं दिया. इसलिए हमने ये बताने के लिए फायरिंग करवाई है कि हमारे फोन का जवाब ना मिलने पर हम घर तक भी पहुंच सकते हैं.
ये भी पढ़ें ; 5 करोड़ दो वरना जान से मार देंगे.... बोकारो के स्टील कारोबारी से विदेश में बैठे गैंगस्टर ने मांगी रंगदारी
वो हाल कर देंगे, देखने वाले की रुह कांप जाएगी
इसमें आगे लिखा कि इस बार तो घर के बाहर फायरिंग हुई है. अगर 24 घंटे में रिप्लाई नहीं आया तो अगली बार गोली घर पर नहीं अंजाम और बुरा होगा. ध्यान रहे, समय रहते जवाब दे देना, वरना वो हाल कर देंगे कि देखने वाले की रूह कांप जाएगी. हमारे जितने भी दुश्मन हैं तैयार रहें, जल्द मुलाकात होगी. आपको बता दें कि यह साफ किया जाता है कि इस सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है. फायरिंग और दावे से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.













