Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने शहर के दो नामी जौहरियों की नींद उड़ा दी थी. हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी एक सरकारी स्कूल में द्वितीय श्रेणी गणित का शिक्षक निकला, जिसने ऑनलाइन गेमिंग में हुए भारी कर्ज के चलते खुद को गैंगस्टर बताकर वसूली की साजिश रची थी.
सरकारी स्कूल में है शिक्षक
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि आरोपी विकेश कुमार कमोल कुशलगढ़ क्षेत्र के टिम्बा महुड़ी गांव का निवासी है और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडाडा में द्वितीय श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत है .
ऑनलाइन गेमिंग की लत से कर्जे में डूब
आरोपी ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण लाखों रुपए के कर्ज में डूब गया था. ऑनलाइन गेमिंग की बुरी लत होने के कारण वह लाखों रुपये के कर्ज में डूब गया था. हालात इतने खराब थे कि उसने अपनी शिक्षिका पत्नी के नाम पर भी लोन ले रखा था, लेकिन कर्ज कम होने का नाम नहीं ले रहा था.
मामले पर पीसी करती हुई पुलिस
Photo Credit: NDTV
गाय खरीदने के बहाने संपत्ति की जुटाई थी जानकारी
एसपी सुधीर जोशी ने आगे बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों व्यापारियों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई , जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की. जिसकी जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले व्यापारियों की रेकी की और एक फार्म हाउस के चौकीदार से गाय खरीदने के बहाने संपत्ति की जानकारी जुटाई. इसके बाद 30 मार्च को एक व्यापारी की दुकान के शटर के नीचे धमकी भरा पत्र डाला और दूसरे के कर्मचारी को लिफाफा थमाकर 90 लाख और 50 लाख रुपए की मांग की. पैसे नहीं देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी.
300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अपराधी तक पहुंची पुलिस
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. इसके बाद शहर के एंट्री और एग्जिट रास्तों पर लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. साइबर तकनीक और रूट मैपिंग के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे उसके गांव से गिरफ्तार किया गया. साथ ही मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है. पूरे घटनाक्रम के खुलासे में थानाधिकारी सुहासी जैन, सीआई देवीलाल मीणा सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की अहम भूमिका रही. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है.
सुनसान जगह पर बुलाई थी फिरौती की रकम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए भोयण घाटी स्थित पानी की टंकी के पास एक नीम के पेड़ के नीचे पैसे लाने को कहा था. उसने यह सुनसान जगह इसलिए चुनी ताकि वह आसानी से फरार हो सके. फिलहाल, थानाधिकारी सुहासी जैन और सीआई देवीलाल मीणा की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके.
यह भी पढ़ें; पटना में जमीन देखने गए दो लोगों पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने बरसाई गोलिया, 10 राउंड फायरिंग से दहला इलाका














