आंध्र प्रदेश : शादी से इंकार करने पर घर में घुसकर कर दी 16 वर्षीय छात्रा की हत्या, पूरे इलाके में दहशत

आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडपा जिले में 16 वर्षीय इंटर की छात्रा की उसके घर में चाकू से हत्या कर दी गई. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगाल रही है
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • आंध्र प्रदेश के खाजिपेट अग्रहारम में 16 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्रा की घर में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई
  • आरोपी अवुला वेंकटेश ने छात्रा पर हमला तब किया जब घर में कोई और मौजूद नहीं था
  • गंभीर घायल छात्रा को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही खून बहने से मौत हो गई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडपा जिले के खाजिपेट अग्रहारम में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. 16 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा की उसके ही घर के अंदर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. छात्रा खाजिपेट मॉडल स्कूल में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवुला वेंकटेश उस वक्त घर में घुसा, जब वहां कोई और मौजूद नहीं था. आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से छात्रा पर हमला किया और उसका गला रेत दिया.

छात्रा की चीख सुन पहुंचे लोग, रास्ते में ही तोड़ा दम

छात्रा की चीख सुनकर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की गई. गंभीर रूप से घायल लड़की को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए आरआईएमएस अस्पताल, कडपा ले जाया जा रहा था, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्रा के दम तोड़ने की पुष्टि की. घटना की खबर फैलते ही इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में लोग छात्रा के घर के बाहर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे.

पुलिस ने क्या कुछ बताया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बाद में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगाल रही है और मृत छात्रा के परिवार व दोस्तों से भी बातचीत कर रही है. पुलिस को संदेह है कि वारदात की वजह आरोपी द्वारा पहले प्रस्ताव ठुकराया जाना है, क्योंकि आरोपी और छात्रा पहले से एक-दूसरे को जानते थे. पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर प्रेम के नाम पर छात्रा को परेशान कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन छात्रा के इनकार करने पर वह नाराज हो गया और उसने हमले की योजना बनाई.

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. चूंकि पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत भी धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है. छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Modi-Meloni Meeting: 'मेलोडी' से किसे लगी 'मिर्ची'? | Bharat Ki Baat Batata Hoon