- इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी विल जैक्स ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक बनाया है
- उन्होंने इटली के खिलाफ मैच में मात्र इक्कीस गेंदों में पचास रन पूरे किए हैं
- इससे पहले पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन और जोस बटलर ने 25 गेंदों में अर्धशतक बनाया था
Will Jacks Created History: इंग्लैंड के विस्फोटक ऑलराउंडर खिलाड़ी विल जैक्स (Will Jacks) ने इतिहास रच दिया है. वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम की तरफ से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. खास मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन और मौजूदा स्टार बल्लेबाज जोस बटलर को पीछे छोड़ा है. मॉर्गन ने 2012 टी20 वर्ल्ड कप और बटलर ने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में क्रमशः 25-25 गेंदों में अर्धशतक जमाए थे. मगर इटली के खिलाफ आज (16 फरवरी 2026) महज 21 गेंदों में फिफ्टी जड़ते हुए उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
इटली के खिलाफ खूब चला विल जैक्स का बल्ला
इटली के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान विल जैक्स का बल्ला आज खूब चला. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 22 गेंदों का सामना किया. इस बीच 240.90 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 53 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से तीन चौके और चार खूबसूरत छक्के देखने को मिले. मैच के दौरान उन्होंने 21 गेंदों में अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया.
विल जैक्स ने गेंदबाजी में बेन मनेंटी का किया शिकार
विल जैक्स बल्लेबाजी की तरह गेंदबाजी में कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाए. टीम के लिए इटली के खिलाफ उन्होंने कुल दो ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच उन्हें बेन मनेंटी (60) के रूप में एक सफलता हाथ लगी. मगर उन्होंने इस दौरान 17.00 की इकॉनमी से 34 रन खर्च कर डाले, जो कि किफायती गेंदबाजी नहीं कहेंगे.
इंग्लैंड को 24 रनों से मिली जीत
बात करें आज के मुकाबले के बारे में तो कोलकाता में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवरों में 202/7 रन बनाने में कामयाब हुई थी. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए जैक्स सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 22 गेंदों में 53 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा टॉम बैंटन 21 गेंद में 30, जबकि फिल सॉल्ट 15 गेंदों में 28 रनों का योगदान देने में कामयाब रहे.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की पूरी टीम 20 ओवरों में 178 रनों पर ढेर हो गई. पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए बेंजमिन मनेंटी ने 25 गेंदों में 60 रन बनाए, जबकि छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए ग्रांट स्टुअर्ट ने 23 गेंद में 45 और पारी का आगाज करते हुए जस्टिन मोस्का ने 34 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया. मगर वह भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.
यह भी पढ़ें- 'साढ़े आठ बॉलर्स', PAK की हार से बौखलाए अफरीदी, यूसुफ, रजा समेत इन 5 दिग्गजों की बात को आपको भी सुनना चाहिए














