अगला धोनी नहीं, एकमात्र संजू, जब 'गुरु' गंभीर ने शशि थरूर के सामने सैमसन को लेकर कर दी थी भविष्यवाणी

गौतम गंभीर ने एक बार कांग्रेस सांसद शशि थरूर से संजू सैमसन के बारे में बात करते हुए कहा था कि इस खिलाड़ी को अगला महेंद्र सिंह धोनी बनने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह ‘खुद में खास और एकमात्र संजू सैमसन’ होगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Gautam Gambhir and Sanju Samson

भारतीय क्रिकेट कोच गौतम गंभीर ने एक बार कांग्रेस सांसद शशि थरूर से संजू सैमसन के बारे में बात करते हुए कहा था कि इस खिलाड़ी को अगला महेंद्र सिंह धोनी बनने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह ‘खुद में खास और एकमात्र संजू सैमसन' होगा. थरूर ने अपनी पूर्व की टिप्पणी का जिक्र करते हुए यह बात कही जिसमें उन्होंने कहा था कि सैमसन अगला धोनी बनेगा. थरूर ने पीटीआई से बातचीत में गंभीर के साथ हुई इस बातचीत को याद किया और हाल में भारत के लगातार टी20 विश्व कप चैंपियन बनने के दौरान सैमसन के शानदार प्रदर्शन की भी तारीफ की.

क्लब क्रिकेटर के तौर पर करियर की शुरुआत से ही सैमसन का समर्थन करते आ रहे थरूर ने कहा कि उन्हें इस क्रिकेटर की उपलब्धियों पर फक्र महसूस होता है. उन्होंने कहा, 'मैं असल में उससे तब मिला था जब वह 14 साल का था, वह एक युवा क्लब क्रिकेटर था. वह देखने में भले ही दुबला-पतला लगता था, लेकिन उसका शरीर काफी गठीला था. उसमें जबरदस्त प्रतिभा थी. वह उस समय से ही विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों कर रहा था.'

थरूर ने कहा, 'मैंने उससे (सैमसन से) कहा था कि वह अगला धोनी बनेगा. वर्षों बाद जब मैंने उस टिप्पणी की बात की तो मेरे दोस्त गौतम गंभीर ने कहा, 'नहीं, नहीं, उसे अगला धोनी बनने की जरूरत नहीं है, वह खुद में खास, बस संजू सैमसन होगा और वह बिल्कुल वैसा ही साबित हुआ है.'

तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने कहा, 'जब मैं उसके साथ दुख-सुख में, कठिन समय में था तो मुझे ऐसा महसूस हुआ कि अगर वह खुद को संभाल सके तो सब कुछ वापस आ जाएगा. उसमें प्रतिभा हमेशा से मौजूद थी.' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में जब उसने खेलना शुरू किया तो मैंने उसकी आंखों में कुछ ऐसा देखा कि मैंने उसी पल कह दिया, 'यह लड़का आज आउट नहीं होने वाला.'

Advertisement

थरूर ने कहा, 'बाद में मैंने उन्हें यह बताया भी. क्योंकि मैं टीवी पर देख रहा था. आप उनकी आंखों में, उनके चेहरे पर वह आत्मविश्वास देख सकते थे. उन्होंने 97 रन बनाकर नाबाद पारी खेली. वह उस मैच में आउट ही नहीं हुए.' उन्होंने सैमसन की सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैचों में 89-89 रन की पारियों का भी जिक्र किया.

यह भी पढ़ें- टी20 वर्ल्ड कप में मिली शिकस्त का गम बर्दाश्त नहीं कर पाया यह क्रिकेटर, अब इस फैसले से सबको चौंकाया

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Pakistan अब 'भस्मासुर' बन गया है! America को पाक से परमाणु खतरा? |Sucherita Kukreti
Topics mentioned in this article