भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे हैं. कपल को सोमवार को प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम श्री हित राधा केली कुंज में राधा नाम की भक्ति में डूबा देखा गया. विराट और अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया और साथ ही सत्संग और एकांतिक वार्ता का भी हिस्सा रहे. इस मौके पर कपल का बहुत ही सादगी भरा रूप दिखा. अनुष्का ने ऑफ-व्हाइट सूट और माथे पर ऊर्ध्वपुण्ड्र तिलक धारण कर रखा है. विराट भी गले में तुलसी की माला धारण कर 'राधा' नाम की भक्ति में डूबे दिख रहे हैं. बता दें कि विराट और अनुष्का बीते कई सालों से प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आ रहे हैं. आखिरी बार वे 17 फरवरी को केली कुंज आश्रम में दर्शन के लिए पहुंचे थे.
बीते साल, यानी 2025 में, विराट और अनुष्का तीन बार वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे थे. इतना ही नहीं, बेटे अकाय के जन्म के बाद कपल अपने दोनों बच्चों के साथ आश्रम पहुंचा था. वामिका विराट कोहली की गोद में थी, जबकि अकाय मां अनुष्का के साथ थे. टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के भी क्रिकेटर और उनकी पत्नी ने आश्रम का दौरा किया था और प्रेमानंद महाराज से कई सवाल पूछे थे.
अनुष्का ने सवाल किया था, 'सिर्फ नाम जप की शक्ति से भी ईश्वर को पाया जाता है?' तब प्रेमानंद महाराज ने कपल की तारीफ कर दोनों को राधा नाम का जप मजबूती से करने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था कि इतना धन और वैभव पाने के बाद ईश्वर की भक्ति करना बहुत मुश्किल है. ऐसे में हमेशा अपने कार्य में विनम्र होकर आगे बढ़ते जाएं.
बता दें कि आईपीएल 2026 में आरसीबी का आखिरी मैच शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में था, जहां कोहली ओपनिंग करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में 19 रन ही बना सके. अब शुक्रवार को इसी मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले अगले मैच से पहले ही क्रिकेटर भक्ति के रंग में डूबे नजर आए.
यह भी पढ़ें- VIDEO: मैच के लिए नहीं मिला निमंत्रण तो भड़क गया नेता, ट्रैक्टर से खोद डाली पूरी पिच














