शुरुआती मैचों बहुत हद तक 'ठंडे' रहने के बाद अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) अगले स्तर पर जाती दिख रही है. और इसमें अभी तक सबसे ज्यादा रंग भरने का काम किया है वैभव सूर्यवंशी ने. मंगलवार को गुवाहाटी के बिरासापारा स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (RR vs MI) के खिलाफ मैच से एक दिन पहले तक यही सबसे बड़ी चर्चा थी कि वैभव और जसप्रीत बुमराह (Vaibhav Sooryavanshi V/s Jasprit Bumrah) की जंग में कौन किस पर भारी पड़ेगा. वास्तव में मैच से पहले यही टक्कर मैच का सबसे आकर्षण बन कर रह गई थी. मीडिया से लेकर पूर्व क्रिकेटर और आम फैंस से लेकर हर कोई इसी बारे में बात कर रहा था. और जब बारिश के कारण तय हुए 11-11 ओवरों के मुकाबले में यह वास्तविक मुकाबला हुआ, तो वैभव ने करोड़ों प्रशंकों को अपने अंदाज से क्रेजी कर दिया.
तूफानी आगाज...मुस्कुराकर रह गए बुमराह
जस्सी ने सोचा भी नहीं होगा कि जब वह 15 साल के वैभव को पहली गेंद फेंकेंगे, तो कुछ ऐसी तस्वीर देखने को मिलेगी. यह लेग साइड पर एक स्लोअर-वन बॉल थी. और वैभव ने बाजुओं की ताकत दिखाते हुए लांग-ऑन के ऊपर से लॉफ्टेड-शॉट से छ्क्का जड़ा, तो पूरा क्रिकेट जगत रोमांचित से भर गया, लेकिन बुमराह मुस्कुराते हुए रन-अप की ओर गए. और उन्होंने इसे बहुत ही सहजता से लिया
...दिग्गज के सम्मान से खेल गए वैभव, जस्सी हुए पानी-पानी!
लेकिन जो चौथी गेंद पर हुआ, उसने मानो इस बार बुमराह के सम्मान पर वार किया. यह भी शॉर्ट-पिच और थोड़ी गति परिवर्तन कर फेंकी गई गेंद थी, लेकिन वैभव का बल्ला पुल शॉट के लिए घूमा, तो यह गनगनाती हुई स्कवॉयर लेग बाउंड्री के ऊपर से छक्के के लिए चली गई. बुमराह मानो पानी-पानी हो गए. उनका चेहरा मानो शर्म से पानी-पानी हो गया. यह मानो दुनिया के सबसे दिग्गज बॉलर के सम्मान के साथ खेलने जैसा था. बहरहाल, मैच से पहले चली आ रही इस जंग की चर्चा को वैभव ने अपने वर्चस्व के साथ खत्म किया. उन्होंने बुमराह की कुल 5 गेंद खेलीं और दो छक्कों से 14 रन बनाए.














