पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर (Basit Ali) ने टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) और उभरते युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) की जमकर सराहना की है. उन्होंने युवा खिलाड़ियों को इनसे सीखने की सलाह भी दी है. 55 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा, 'वो (विराट कोहली) क्रिकेट में इंवॉल्व रहता है. उसका जहन (दिमाग) चलता रहता है. विराट कोहली के बारे में बात करना मेरे ख्याल से... अब वह उस जगह पर पहुंच गया है. जहां उसके बारे में बात करना मैटर नहीं करता है. उसका सिर्फ डेडिकेशन (समर्पण) देखा करें. उसकी जुस्तजू देखा करें. फील्डिंग में कैच पकड़ता है जब, थ्रो करता है या कोई अच्छा प्रदर्शन करता है तब वह कितना मगन होता है. 20 ओवर फील्डिंग में और 20 ओवर बैटिंग में... तो ऐसे ही लोगों को ऊपर वाला नाम नहीं देता है ना. चेज मास्टर टॉप क्लास है. 'प्लेयर ऑफ द मैच' उनको दिया गया जो सही है.'
बासित अली ने अंत में आरसीबी की टीम को ट्रॉफी जीतने के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा, 'आरसीबी को बहुत-बहुत मुबारकबाद. बेस्ट टीम टूर्नामेंट जीती, जो कि सबसे अच्छी बात है. हां ये होता कि बबलू (वैभव सूर्यवंशी) का फाइनल इस टीम (आरसीबी) के साथ होता तो थोड़ा अलग मैच होता. जितने बच्चे हैं जो विराट कोहली या बबलू को देखते हैं. उनसे सीखें कि क्रिकेट में और क्रिकेट के फील्ड में जो मेहनत करेगा. वह कामयाब होगा. मेहनत करनी चाहिए.'
आईपीएल के 19वें सीजन में कोहली और सूर्यवंशी का रहा जलवा
आईपीएल के 19वें सीजन में विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी का जलवा रहा. उनके उम्दा खेल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टूर्नामेंट का अंत वैभव सूर्यवंशी ने सर्वाधिक रन बनाने के साथ किया, जबकि कोहली ऑरेंज कैप की लिस्ट में चौथे पायदान पर रहे. वैभव ने आरआर की तरफ से शिरकत करते हुए आईपीएल 2026 में कुल 16 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस बीच वह 16 पारियों में 48.50 की औसत से 776 रन बनाने में कामयाब रहे. वहीं कोहली ने भी आरसीबी की तरफ से 16 मैचों में शिरकत किया. जहां वह 16 पारियों में 56.25 की औसत से 675 रन बनाने में कामयाब रहे.











