इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) के 62वें मुकाबले में आज (17 मई) दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला शाम सात बजे से अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच के दौरान हर किसी की निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के ऊपर टिकी रहेंगी. अगर उनका बल्ला चलता है तो आरआर की जीत पक्की है.
क्या क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे वैभव सूर्यवंशी?
लीग स्टेज में राजस्थान रॉयल्स की टीम के अभी भी तीन मुकाबले शेष हैं. इन तीनों ही मुकाबलों में वैभव का बल्ला चला तो वह एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. दरअसल, आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व विध्वंसक बल्लेबाज क्रिस गेल (Chris Gayle) के नाम दर्ज है.
गेल ने आईपीएल 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की तरफ से कुल 59 छक्के लगाए थे. वहीं जारी सीजन में वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से शिरकत करते हुए कुल 40 छक्के लगा चुके हैं. अगर आगामी मुकाबलों में वह 20 छक्के और लगाने में कामयाब होते हैं तो वह आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
59 छक्के - क्रिस गेल - आईपीएल 2012
52 छक्के - आंद्रे रसेल - आईपीएल 2019
51 छक्के - क्रिस गेल - आईपीएल 2013
45 छक्के - जोस बटलर - आईपीएल 2022
44 छक्के - क्रिस गेल - आईपीएल 2011
जारी सीजन में खूब चल रहा है वैभव सूर्यवंशी का बल्ला
जारी सीजन में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला खूब चल रहा है. उनके उम्दा खेल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑरेंज कैप की लिस्ट में वह नौवें पायदान पर काबिज हैं. आरआर की तरफ से उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुल 11 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 11 पारियों में 40.00 की औसत से 440 रन निकले हैं. जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है.
यह भी पढ़ें- क्या अफगान स्टार रहमत शाह का हो गया निधन? जानें सोशल मीडिया पर मच रही हड़कंप की सच्चाई














