जब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक ही ओवर में छह छक्के (2007 वर्ल्ड कप) जड़नेवाले युवराज सिंह कहते हैं कि वैभव सूर्यवंशी का 'बैटस्पीड' उनसे भी कहीं ज़्यादा तेज़ है तो पूरी क्रिकेट की दुनिया को वैभव के कारनामों को ध्यान से देखना-सुनना पड़ता है. वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो साल के करियर में ही इतने रिकॉर्ड कायम कर दिये हैं जितने कि कई क्रिकेटरों का ख़्वाब होता है.
वैभव सूर्यवंशी क्या सोचकर बल्लेबाज़ी करते हैं? खुद वैभव कहते हैं,"मैं कुछ नहीं सोचता. मैं बॉल को खेलता हूं, बॉलर को नहीं." वैभव का ये बयान अब एक टैग लाइन बन गया है और इसे क्रिकेट एक्सपर्ट्स और कॉमेन्टेटर्स बार-बार दुहरा रहे हैं.
टीम इंडिया के बिहार के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर सबा करीम (1 टेस्ट, 34 वनडे) स्टार स्पोर्ट्स पर कहते हैं,"ज़माना कितना बदल गया है. पहले बैटर शुरुआत में डिफेंड करते थे. अब लोग इंतज़ार करते हैं कि (वैभव पहली गेंद पर) कहां शॉट लगाएंगे. वो लेंथ डिलवरी को भी छक्का जड़ देते हैं. बड़ी बात ये है कि वैभव सिर्फ़ छक्का नहीं लगाते, चौका भी लगाते हैं. इनके पास कई शॉट्स हैं. हम शायद बेस्ट क्रिकेट देख रहे हैं."
एक नज़र डालते हैं वैभव के 15 बड़े रिकॉर्ड्स पर-
1. टी-20 में छक्कों की सेंचुरी: सबसे तेज़ और सबसे पहले- सिर्फ़ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 में 100 छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया है. वो ना सिर्फ़ सबसे युवा 'सिक्सर किंग' हैं उन्होंने ये कारनामा सबसे तेज़ी से भी किया है. उन्होंने जेसन होल्डर के 843 गेंदों पर 100 छक्के का रिकॉर्ड सिर्फ़ 514 गेंदों पर ही तोड़ दिया है.
2. टी-20 में छक्कों की सेंचुरी (सबसे कम पारियों में)- पारियों के लिहाज़ से भी वैभव ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. मेन्स T20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के टॉप- 5 बल्लेबाजों की लिस्ट इस तरह है-
- i) 29 पारी - वैभव सूर्यवंशी
- ii) 33 पारी - करणबीर सिंह
- iii) 41 पारी - मुहम्मद वसीम
- iv) 52 पारी - मुहम्मद तनवीर
- v) 52 पारी - प्रियांश आर्या
3. पावरप्ले में 30 छक्कों का रिकॉर्ड- वैभव आईपीएल के एक सीज़न के पावरप्ले (पहले 6 ओवर के अंदर) में 30 छक्का जड़नेवाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं.
4. IPL में सबसे तेज़ 30 छक्कों का रिकॉर्ड- आईपीएल में भी सबसे तेज़ 30 छक्कों के रिकॉर्ड के मामले में वो सबसे आगे हैं. उन्होंने 157 गेंदों में 30 छक्के लगाकर ऋषभ पंत के 373 गेंदों पर 30 छक्के के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
5. पावरप्ले में 29 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा- वैभव ने एक सीज़न में अभिषेक शर्मा के 29 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़कर इसे अपने नाम कर दिया.
6. आईपीएल में सबसे तेज़ 400 रन- वैभव ने सिर्फ़ 167 गेंदों पर आईपीएल में 400 रनों का आंकड़ा पार कर लिया. ये रिकॉर्ड पहले आंद्रे रसेल के नाम था जिन्होंने 188 गेंदों पर अपने पहले 400 रन पूरे किये थे.
7. टी-20 में सबसे युवा और सबसे तेज़ 1000 रन बनानेवाले क्रिकेटर- वैभव ने सिर्फ़ 473 गेंदों पर आईपीएल और घरेलू टी-20 क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए. सूर्यवंशी ने माइकल ओवन के 533 गेंदों पर टी-20 में 1000 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
8. एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्कों का रिकॉर्ड- वैभव सूर्यवंशी ने हैदराबाद के ख़िलाफ़ पारी में 12 छक्के जड़ा और मुरली विजय के 11 छक्कों के रिकॉर्ड से आगे बढ़ गए.
9. सबसे कम 13 साल की उम्र में IPL का कॉन्ट्रैक्ट- 13 साल की उम्र में वैभव आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी रहे. उन्हें राजस्थान ने 1.1 करोड़ की रकम देकर 2025 में अपने नाम कर लिया.
10. सबसे कम 14 साल की उम्र में टी-20 में शतक- 14 साल की उम्र में नैभव ने गुजरात के ख़िलाफ़ जयपुर में 35 गेंदों पर आईपीएल का दूसरा सबसे तेज़ शतक जड़ा. उस पारी में उन्होंने 38 गेंदों पर 101 रन बनाए.
11. 35 गेंदों पर आईपीएल में सबसे तेज़ भारतीय का शतक - वैभव का 35 गेंदों पर लगाया गया शतक आईपीएल में किसी भारतीय खिलाड़ी का सबसे तेज़ शतक है. आईपीएल में सबकसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है.
12. 40 गेंदों से कम में सबसे ज़्यादा शतक लगानेवाला युवा क्रिकेटर- आईपीएल में एक बार 35 और एक बार 36 गेंदों पर शतक लगाकर 40 गेंदों के अंदर 2 शतक लगानेवाले वो इकलौते बल्लेबाज़ बन गए हैं.
13. 36 गेंदों पर आईपीएल 2026 का सबसे तेज़ शतक- आईपीएल 2026 में सबसे तेज़ शतक लगाने का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के ही नाम है. उन्होंने ये शतक हैदराबाद के ख़िलाफ़ लगाया.
14. आईपीएल में लगातार 2 सीज़न में 200 प्लस के स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड- आईपीएल के दो सीज़न में अबतक लगातार 200 प्लस के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाज़ी करने वाले वैभव इकलौते बल्लेबाज़ हैं (जिन्होंने 100प्लस रन भी बनाए). आईपीएल 2025 में रोमारियो शेफर्ड (292 स्ट्राइक रेट, 70 रन), चेन्नई टीम के उर्विल पटेल (213 स्ट्राइक रेट, 68 रन) और वैभव सूर्यवंशी (207 स्ट्राइक रेट, 252 रन) बनाए.
आईपीएल 2026 में अबतक प्रियांश आर्या (243 स्ट्राइक रेट, 286 रन), वैभव सूर्यवंशी (237 स्ट्राइक रेट, 440 रन), अभिषेक शर्मा (211 स्ट्राइक रेट, 475 रन), फ़िन एलन (206 स्ट्राइक रेट, 210 रन) और रजत पाटीदार (200 स्ट्राइक रेट, 318 रन) के नाम इस एलीट लिस्ट में शामिल हैं.
15. आईपीएल में पहली गेंद पर छक्का- आईपीएल 2025 में राजस्थान टीम के कप्तान संजू सैसमन की इंजरी की वजह से वैभव सूर्यवंशी को मौक़ा मिला. आईपीएल 2025 में उन्होंने आते ही लखनऊ के शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर करियर की शुरुआत की. 20 गेंदों पर 34 रन बनाए और तब से बेहिसाब रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं.














