Tilak Varma Century Record; GT vs MI IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा (Tilak Varma Century vs GT) ने अपनी बल्लेबाजी से न केवल गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को पस्त किया, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. तिलक वर्मा ने गुजरात के खिलाफ महज 45 गेंदों में 8 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 101 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. इस शतक के साथ ही तिलक ने 23 साल की उम्र में सबसे ज्यादा टी20 शतक लगाने के मामले में शुभमन गिल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
अब 23 साल की उम्र तक टी20 क्रिकेट में तिलक वर्मा और शुभमन गिल के नाम संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5-5 शतक हो गए हैं. इस शानदार पारी के दम पर तिलक ने अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स जैसे धुरंधरों को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम इस उम्र में 4-4 शतक दर्ज हैं.
Photo Credit: PTI
तिलक की यह पारी तब आई जब मुंबई की टीम महज 44 रनों पर अपने 3 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी. उन्होंने पहले नमन धीर (45 रन) के साथ 52 रनों की साझेदारी की और फिर कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मात्र 38 गेंदों में 81 रन जोड़कर मुंबई का स्कोर 199 तक पहुंचा दिया.
तिलक वर्मा के इस 'स्पेशल' शतक की बदौलत मुंबई इंडियंस ने हार के सिलसिले को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस पर 99 रनों की विशाल जीत दर्ज की. वहीं 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम महज 100 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें एक बार फिर जिंदा हो गई हैं.
तिलक की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि वह न केवल मुंबई इंडियंस बल्कि भारतीय क्रिकेट के भी अगले बड़े मैच विनर बनने की राह पर हैं.
23 साल की उम्र तक सबसे ज्यादा टी20 शतक
तिलक वर्मा - 5 शतक
शुभमन गिल - 5 शतक
अभिषेक शर्मा - 4 शतक
यशस्वी जायसवाल - 4 शतक
ग्लेन फिलिप्स - 4 शतक














