संजू सैमसन एक बार फिर सेंचुरी से चूक गए हैं. टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरे मैच में वह सेंचुरी से चूक गए हैं. इस बार भी वह 89 रन बनाकर आउट हो गए. इससे पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी वह 89 रन पर आउट हो गए थे. वहीं, वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेले गए मैच में वह 97 रन पर आउट हुए थे. संजू भले ही सेंचुरी न बना सके हों लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी बैट्समैन का ये अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.
रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने मात्र 33 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी. संजू जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि इस बार वह सेंचुरी बना लेंगे. लेकिन 15वें ओवर की पहली गेंद पर वह आउट हो गए. जेम्स नीशम की फुलटॉस गेंद पर वह लॉन्ग-ऑन पर कैच थमा बैठे.
ऐसे आउट हुए संजू सैमसन
संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रन बनाए. उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के जड़े. नीशम की फुल टॉस गेंद पर वह छक्का जड़ने की कोशिश में ही आउट हो गए. फुल टॉस गेंद पर उन्होंने छक्का मारने की कोशिश की लेकिन लॉन्ग ऑन पर खड़े कोल मैककॉन्ची के शानदार कैच ने उन्हें रोक दिया. मैककॉन्ची मैदान में एक सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर आए हैं. अगर टीम इंडिया ये मैच जीतती है तो वह तीन जरूरी मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच की हैट्रिक बना सकते हैं.
फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. ओपनिंग करने आए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने कीवियों की जमकर धुनाई की.
50 जड़ते ही इस लिस्ट में शामिल हुए संजू
टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल में फिफ्टी लगाने वाले संजू सैमसन तीसरे बल्लेबाज हैं. उनसे पहले पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ही ऐसा कर चुके हैं. अफरीदी ने 2009 और विराट कोहली ने 2014 के टी-20 वर्ल्ड कप के सेमी फाइनल और फाइनल में फिफ्टी जड़ी थी. अब संजू सैमसन भी इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं.
टी-20 में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले खिलाड़ी बने
अपनी लगातार तीसरी फिफ्टी के साथ ही संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं. इस लिस्ट में टीम इंडिया की तरफ से विराट कोहली और केएल राहुल शामिल हैं. कोहली ने 2016 और 2021 में लगातार तीन बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया था. वहीं, केएल राहुल ने 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप में 3 बार 50 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था. उनके अलावा पाकिस्तानी खिलाड़ी बाबर आजम ने भी 2021 में तीन बार 50 से ज्यादा रन बनाए थे.














