Suryakumar Yadav on Team India T20I Captain: भारत के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में T20 वर्ल्ड कप जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की और वह भारत को यह खिताब दिलाने वाले तीसरे कप्तान बन गए. उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा यह कारनामा कर चुके हैं. हालांकि, उनकी कप्तानी तक पहुंचने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है. सूर्यकुमार ने खुद खुलासा किया कि उन्हें भारत का T20 कप्तान बनाने के पीछे किसका असली रोल था. T20I कप्तान के तौर पर उनकी नियुक्ति में गंभीर का नहीं, बल्कि चार अन्य लोगों का हाथ था.
सूर्यकुमार ने बताया कि BCCI के पूर्व सचिव जय शाह, BCCI के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने मिलकर सूर्यकुमार को कप्तान बनाने का फैसला लिया था.
PTI से बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, "एक समय ऐसा भी आया, जब उस समय के BCCI सचिव जय भाई ने श्रीलंका सीरीज से तीन-चार दिन पहले मुझे फोन किया. उन्होंने मुझे फोन करके बताया कि वो मुझे आगे के लिए T20 टीम का कप्तान बना रहे हैं. हां, सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया था."
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन मुझे पूरा यकीन था कि उस समय यह सब रोहित भाई और अजीत भाई मिलकर प्लान कर रहे थे. गौतम भाई तो बाद में आए. उन दोनों ने राहुल सर यानी उस समय के कोच राहुल द्रविड़ के साथ मिलकर जय भाई से इस बारे में बात की थी. फिर उन्होंने यह फ़ैसला लिया कि आगे चलकर भारत की कप्तानी मुझे ही करनी चाहिए."
उन्होंने बताया कि यह फैसला अचानक नहीं हुआ था, बल्कि इसके पीछे कई बड़े नाम शामिल थे. सूर्यकुमार के मुताबिक, उस समय के BCCI सचिव जय शाह ने उन्हें श्रीलंका सीरीज़ से कुछ दिन पहले फोन करके कप्तानी की जानकारी दी थी.
कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. उनकी अगुवाई में भारत ने 52 में से 42 T20 मैच जीते हैं, और टीम ने कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई है. 35 साल के सूर्यकुमार अब भारत के सबसे सफल T20 कप्तानों में शामिल हो चुके हैं और इस मामले में वह रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के करीब पहुंचते जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अश्विन का बड़ा खुलासा, बताया क्यों लिया संन्यास का फैसला, इस एक पल ने बदल दी पूरी कहानी














