- सूर्यकुमार ने ईशान किशन को टी20 विश्व कप टीम में चयन मन की आवाज पर लिया था.
- ईशान ने नौ मैचों में 317 रन बनाए और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक जमाकर टीम को जीत दिलाई.
- सूर्यकुमार ने बताया कि जितेश शर्मा के बजाय ईशान को चुनना कठिन फैसला था.
Suryakumar Yadav on Ishan Kishan: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि 'पावर हिटर' ईशान किशन को टी20 विश्व कप टीम में चुनने का फैसला विशुद्ध रूप से मन की आवाज पर लिया गया था क्योंकि उन्हे महसूस हुआ था कि बिहार के इस बल्लेबाज में 'एक्स फैक्टर' है जो मैचों में निर्णायक साबित हो सकता है. पीटीआई वीडियो को रविवार को दिये गए पॉडकास्ट इंटरव्यू में सूर्यकुमार से पूछा गया था कि वह आंकड़ों पर चलने वाले कप्तान हैं या मन की आवाज सुनते हैं और जितेश शर्मा की बजाय ईशान के चयन के फैसले की क्या वजह थी. बता दें, ईशान किशन भारत के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.
भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों रौंदते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. सूर्या एंड कंपनी पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच हारी. पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले में ईशान किशन ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया था. ईशान किशन को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा,"यह बिल्कुल मन की आवाज पर लिया गया फैसला था. उस समय जितेश शर्मा के लिये यह काफी कठिन था क्योंकि वह एक साल से अधिक समय से टीम के साथ था. और वह खेल रहा था, अगर नहीं खेल रहा होता तो कहानी अलग होती."
भारत को आठ मार्च को टी20 विश्व कप 2026 जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार ने अपने कैरियर, भारतीय क्रिकेट के भविष्य, मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम से अपने संबंधों पर तफ्सील से बात की. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बल्लेबाजी प्रतिक्रिया और सहजता का मिला जुला रूप है. उन्होंने कहा,"मैं भी बहुत दुखी था जब हमने जितेश को छोड़कर ईशान को चुना लेकिन हमें ऐसे सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी जो शीर्ष क्रम पर आक्रामक प्रदर्शन कर सके. ऐसे में किसी को तो बाहर रहना था."
उन्होंने बताया कि ईशान कैसे टीम में आये , उन्होंने ईशान को फोन करके कहा,"छोटू , विश्व कप जितायेगा", इस पर ईशान ने जवाब दिया."भरोसा करोगे". सूर्यकुमार ने कहा "चल किया." सूर्यकुमार ने कहा,"उसने जो प्रदर्शन किया, वह अद्भुत था. मुझे हमेशा से लगता था कि वह एक्स फैक्टर हो सकता है क्योंकि उस पर कोई दबाव नहीं था." उन्होंने कहा कि ईशान खराब दौर से गुजर रहा था और टीम से बाहर था लेकिन खेल में बने रहने के लिये वह पूरे भारत में छोटे छोटे मैच खेला और अभ्यास मैच भी खेला."
ईशान ने अपने कप्तान को निराश नहीं किया और नौ मैचों में 190 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए. 35 वर्ष के सूर्यकुमार ने घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने पर टीम से बाहर किये जाने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी को लेकर ईशान की प्रतिबद्धता की तारीफ की. ईशान ने इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में 18 गेंद में 39 रन बनाने के बाद फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जमाया.
यह भी पढ़ें: 'वो 6 ओवरों में मैच जिता सकता है...' गौतम गंभीर ने इस वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी को लेकर कही बड़ी बात
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: लगातार तीन 0 के बाद अभिषेक शर्मा को गौतम गंभीर से मिला था 'गुरु मंत्र', फिर यूं पलटी बाजी














