Suryakumar Yadav Angry on Rinku Singh: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर टीम इंडिया ने जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज में जीत का चौका लगाया. भारत और नीदरलैंड्स के बीच यह मैच औपचारिकता भर था, क्योंकि टीम इंडिया पहले ही सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है जबकि नीदरलैंड्स का बोरिया बिस्तर बंध चुका था. वहीं इस मैच के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब भारतीय फैंस की दिल की धड़कनें बढ़ गईं क्योंकि कप्तान सूर्या चोटिल होने से बाल-बाल बचे थे.
मैच के आखिरी ओवर में, शिवम दुबे की गेंद पर जैक लायन-कैशेट ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी. लेकिन गेंद हवा में काफी ऊपर गई. रिंकू कैच लेने के लिए बेहतर स्थिति में थे, लेकिन सूर्यकुमार ने इशारा किया कि वह कैच पूरा करेंगे. सूर्या इसके बाद पीछे की ओर दौड़े. हालांकि, दोनों फील्डर कैच पकड़ने के लिए दौरान आपस में टकरा गए. इस दौरान गेंद भारतीय कप्तान के हाथों से छूट गई. हालांकि, सूर्यकुमार जल्दी ही संभल गए, लेकिन उन्हें इस पूरे मामले को लेकर रिंकू से बहस करते देखा गया.
हालांकि, ना तो सूर्यकुमार यादव और ना ही रिंकू सिंह को कोई गंभीर चोट आई. वहीं मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर खुशी जताई और भारत द्वारा 193/6 के स्कोर का बचाव करते हुए 17 रन से जीत दर्ज करने के बाद अपनी टीम के प्रदर्शन की सराहना की. मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा,"हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे और हमने 190 रन बनाए. थोड़ी ओस थी, गेंदबाजों के लिए थोड़ी चुनौती थी, लेकिन कुल मिलाकर हम बहुत खुश हैं."
बात अगर मैच की करें तो भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी. टीम को शुरुआत में ही झटके लगे. अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट हुए, वहीं आर्यन दत्त ने पावर प्ले में दूसका विकेट ईशान किशन (18) का लिया. तिलक वर्मा (31) ने पारी को संभालने का प्रयास किया. इसके बाद मिडिल ओवर में भारतीय पारी ने रफ्तार पकड़ी.
शिवम दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 31 गेंदों में 66 रनों की तूफानी पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और स्पिन और तेज गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया. भारत ने 16वें ओवर में 15 रन और अगले ओवर में 20 रन बनाकर 150 के पार का स्कोर पार किया, जिसके बाद रिंकू सिंह ने अंतिम ओवरों में भारत का स्कोर 193/6 तक पहुंचाया. सूर्यकुमार ने ऑलराउंडर दुबे की तारीफ करते हुए कहा,"जब उन्होंने (दुबे) विशाखापत्तनम में (न्यूजीलैंड के खिलाफ) खेला था, तब उन्होंने एक और शानदार पारी खेली थी. लेकिन आज रात 190 रन बनाना अद्भुत था."
यह भी पढ़ें: IND vs NED: 17 रन से जीत, 17वीं जीत...अहमदाबाद में बना गजब संयोग, वर्ल्ड कप में भारत का विजयी अभियान जारी
यह भी पढ़ें: IND vs NED: हार्दिक पांड्या ने T20 में पूरे किए 6 हजार रन, स्पेशल क्लब में हुए शामिल, कोई भारतीय नहीं कर पाया था ऐसा














