टीम इंडिया ने एक बार फिर दिखा दिया है कि टी-20 की असली चैंपियन वही है. टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा दिया है. मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने जो किया, उसे देखकर हर भारतीय गर्व महसूस कर सकता है. न्यूजीलैंड को हराने के बाद सूर्य कुमार यादव पिच के पास गए और उसकी मिट्टी को अपने माथे से लगा लिया.
सूर्य कुमार का पिच की मिट्टी को माथे से लगाने का वीडियो अब वायरल हो रहा है. सूर्य कुमार यादव ने जो किया, वैसा ही कुछ 2024 में जीत के बाद रोहित शर्मा ने किया था.
2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका को हराने के बाद रोहित शर्मा ने बारबाडोस की पिच को नमन किया था. उन्होंने पिच की मिट्टी को मुंह से लगाकर अपने जज्बात भी जाहिर किए थे.
शुरू से ही हावी रही टीम इंडिया
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गए इस मैच में टीम इंडिया शुरू से ही हावी रही. पावर प्ले में ही टीम इंडिया ने 92 रन जड़ दिए. अभिषेक शर्मा ने 52 रन और फिर संजू सैमसन ने धमाकेदार 89 रनों की पारी खेली. आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन बनाए. टीम इंडिया ने 255 रन बनाए. टारगेट चेज करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत धीमी रही और वह लगातार विकेट गंवाती रही. आखिरकार 19 ओवर में ही 159 रनों पर न्यूजीलैंड की टीम ऑलआउट हो गई.














