Sunrisers Hyderabad vs Lucknow Super Giants: लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. इसी के साथ एलएसजी ने नए सीजन में जीत का खाता खोल लिया है. 2 में से 1 जीत के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है, जबकि 3 में से 2 मैच गंवाने के बाद एसआरएच पांचवें स्थान पर है. राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए थे, इसके जवाब में कप्तान ऋषभ पंत की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी के दम पर लखनऊ ने एक गेंद रहते मैच अपने नाम किया. (SCORECARD)
हैदराबाद से मिले 157 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ के लिए सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने एडन मार्करम के साथ 28 गेंदों में 37 रन जुटाए. मार्श महज 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद मार्करम ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जुटाए.
मार्करम 27 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद पंत ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े. बडोनी 9 गेंदों में 12 रन बनाकर चलते बने. पंत ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब ला दिया. समद (16) के पवेलियन लौटने के बाद पंत ने मोर्चा संभाला, उन्होंने 50 गेंदों में 9 चौकों के साथ 68 रन की नाबाद पारी खेलकर एलएसजी को जीत दिलाई.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही. सनराइजर्स हैदराबाद ने 7.1 ओवरों में 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे. यहां से नितीश कुमार रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की साझेदारी की.
नितीश 33 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि क्लासेन ने 41 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन की पारी खेली. इनके अलावा, लियाम लिविंगस्टोन (14) दहाई का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे.
लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि दिग्वेश राठी और मणिमारन सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट निकाला.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट
लखनऊ सुपरजायंट्स : मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, अवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव














