वर्ल्ड चैंपियन टीम ने करीब दो हफ्ते पहले सबसे ज्यादा तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और लगातार दो बार से वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास कायम कर दिया और इसका असर आईपीएल के बाजार में भी देखने को मिल रहा है. वर्ल्ड स्टॉक एक्सचेंज में ईरान और इजरायल-अमेरिका युद्ध की वजह से बेशक उतार-चढ़ाव हो रहे हों लेकिन आईपीएल का बाजार लगातार आसमान की ऊंचाइयां छू रहा है.
IPL 2026 के शुरू होने से पहले ही दुनिया की सबसे ग्लैमरस, ताकतवर और अमीर क्रिकेट लीग में राजस्थान टीम की बिक्री ने तहलका मचा दिया. अमेरिकी बिजनेसैन काल सोमानी, वॉलमार्ट और हैम्प फैमिली (फोर्ड से जुड़ा परिवार) कंसोर्टियम ने राजस्थान को तकरीबन 24 गुणा कीमत में खरीदकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
राजस्थान की कीमत से दादा दंग!
सौरव गांगुली को ये खबर तब मिली जब वो ‘जैक्सन ग्रुप' के ब्रैंड अंबैसडर घोषित किये जा रहे थे. प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान ही उन्होंने NDTV के सवाल पर पूछा कि राजस्थान टीम को किसने और कितने में खरीदा है. जब उन्हें बताया गया कि राजस्थान टीम की कीमत तकरीबन 15,290 करोड़ रुपये या 1.63 बिलियन डॉलर है तो वो दंग रह गए.
‘2008 के पूरे IPL से ज्यादा कीमत'
2008 के मुकाबले राजस्थान की कीमत इस बार 24 गुणा ज्यादा आंकी गई. 2008 में राजस्थान की कीमत 67 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 320 करोड़ रुपये थी. सौरव गांगुली ने कहा, 'आप देखिए आईपीएल कितना आगे बढ़ गया है और ये बढ़ता ही जाएगा.' सौरव ने ये भी कहा कि तब पूरे आईपीएल की कीमत (1.1 बिलियन डॉलर या करीब 4400 करोड़ रुपये थी) जितनी थी उससे ज़्यादा एक टीम की कीमत हो गई है. सौरव का मानना था कि आईपीएल को लेकर जितना टैलेंट देखने को मिला है और जितना लोकप्रिय टी20 हो गया है उस हालत में आईपीएल का रुतबा और भी बढ़ता ही जाएगा.
‘याद आ गई पहली गेंद!'
राजस्थान की कीमत ने दादा को 2008 में खेली गई आईपीएल की गेंद भी याद दिला दी. 2008 में बेंगलुरु में खेले गए आईपीएल के पहले मैच की पहली गेंद का सामना सौरव गांगुली ने किया था. पहली गेंद बैंगलोर टीम के लिए प्रवीण कुमार ने डाला था. दादा ने बड़े चाव से याद किया कि कैसे उनकी टीम ने बैंगलोर को उस पहले मैच में 140 रनों से हरा दिया था. उस मैच में ब्रेंडन मैक्कलम ने 73 गेंदों पर 10 चौके और 13 छक्कों के सहारे 158 रन बनाये थे.
जैक्सन ग्रुप के ब्रैंड अंबैसडर बने दादा, टॉप पर कायम
सौरव गांगुली, एमएस धोनी और शाहरुख खान आज भी भारत के टॉप ब्रैंड वैल्यु हासिल करने वाली शख़्सियतें हैं. भारत की एक प्रमुख इनर्जी और इन्फ़्रास्ट्रक्चर ग्रुप ‘जैक्सन' ने दादा को अपना नया ब्रैंड अंबैसडर बनाया और कहा कि उनके लिए आज भी टेस्ट क्रिकेट की अहमियत उतनी ही ज़्यादा है जितना सभी क्रिकेटर समझते हैं. ख़ासकर जेनरेटर बनाने वाली जैक्सन ग्रुप के चेयरमैन समीर गुप्ता ने कहा कि वो दादा में एक कामयाब लीडर और खिलाड़ियों को तराशने की क्षमता देखते हैं जिसकी वजह से उन्हें अपना ब्रैंड अंबैसडर बनाया है.
यह भी पढ़ें- धोनी कब लेंगे रिटायरमेंट, थाला को क्या सलाह देने वाले हैं सौरव गांगुली? आपको भी जानना चाहिए














