Sarfaraz Khan's new look: खेलों की दुनिया में कब किसकी किस्मत का दरवाजा खुल जाए, कुछ नहीं कहा जा सकता! और सरफराज खान (Sarfaraz Khan) का दरवाजा भी ऐसे समय खुला है, जब उन्हें इसकी बहुत ज्यादा जरूरत थी. साई सुदर्शन की चोट ने उन्हें श्रीलंका के 'गेट' से बाहर किया, तो सरफराज की एंट्री हो गई. अब यह देखना होगा कि अगर मौका मिलता है, तो वह कितना फायदा उठा पाते हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह जी तोड़ प्रयास कर रहे थे, घंटो पसीना बहाते हुए मेहतन का छोंक लगाना लगातार जारी रखा. और यह उनके 'लेटेस्ट लुक' में साफ-साफ देखा जा सकता है. और सरफराज का यह लुक आसानी से नहीं आया. बहुत ज्यादा पापड़ बेलने पड़े हैं भाई साहब. और इस नए लुक के लिए उन्हें सरफराज 2.O कहा जा सकता है लेकिन यह लुक बहुत ही ज्यादा 'त्याग' और बाकी बातों के कारण मिला है, जिस पर पिता नौशाद ने रोशनी डाली है
'पूरा परिवार ही मिशन पर'
नौशाद खान ने कहा, 'हमारा पूरा परिवार वजन घटाने के मिशन पर केंद्रित है. सरफराज ने भी छह हफ्तों में नौ किलोग्राम वजन घटाया है, जो आसान नहीं है और वे और वजन घटाने के लिए बेताब हैं. सरफराज और मैं दोनों हफ्ते में छह दिन कम से कम एक घंटे जिम में पसीना बहा रहे हैं. मैं वॉक पर जाता हूं, जबकि वे लगभग एक घंटे जॉगिंग करते हैं और फिर 30 मिनट का स्विमिंग सेशन होता है. यहां तक कि मेरे छोटे बेटे मोइन (खान) ने भी काफी वजन घटाया है.'
बंद किया घर का आटा, चावल
खान परिवार के इस वेट-लॉस मिशन में सख्त डाइट (खान-पान) भी शामिल थी.
नौशाद ने कहा, 'सरफराज और मैंने घर पर आटा और चावल खाना पूरी तरह से बंद कर दिया है. हमारी डाइट अब सख्त लेकिन दिलचस्प है. हम उबले हुए चिकन, उबले अंडे के साथ तली हुई सब्जियां खाते हैं और ग्रीन टी व ब्लैक कॉफी पीते हैं।. हम अपने खाने में बहुत कम जैतून का तेल (ऑलिव ऑयल) इस्तेमाल कर रहे हैं.' इसका मतलब है कि सरफराज अब अपने पसंदीदा मांसाहारी व्यंजनों विशेष रूप से बिरयानी का स्वाद नहीं ले पा रहे थे, लेकिन यह एक ऐसा त्याग था जिसे मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने अपनी फिटनेस में भारी सुधार करने के लिए सोच-समझकर किया.
एक साल में घटाया 17 किलो वजन
आईपीएल में दो साल तक अनसोल्ड रहने के बाद (2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा खरीदे जाने से पहले) उन्होंने अपनी फिटनेस में सुधार करने और अतिरिक्त वजन घटाने पर कड़ी मेहनत की. मुंबई के इस बल्लेबाज ने एक साल में 17 किलोग्राम वजन घटाया है और अब वे काफी दुबले और फिट नजर आते हैं. वास्तव में, साल 2025 से सरफराज का पूरा परिवार ही वजन घटाने के मिशन पर है, जिसके शानदार परिणाम मिले हैं. घुटने की सर्जरी से बचने के लिए तुरंत वजन घटाने की सलाह दिए जाने के बाद नौशाद खान ने पिछले साल एक महीने में 12 किलो वजन घटाया था.
निजी सुविधाओं में 'रेड-सोइल' टर्नर्स पर अभ्यास
आईपीएल के बाद, सरफराज ने मुंबई टी20 लीग खेली जहां उन्होंने आकाश टाइगर्स वेस्टर्न मुंबई सबअर्ब्स के लिए कुछ आक्रामक पारियां खेलीं, लेकिन जैसे ही मुंबई में मानसून ने दस्तक दी, वे कश्मीर चले गए जहां वे कुछ समय रहे और नेट बॉलर्स के साथ-साथ राज्य की टीम के कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ अभ्यास किया. उन्होंने बीकेसी स्थित एमसीए इंडोर फैसिलिटी में एस्ट्रोटर्फ विकेट पर स्किल्स ट्रेनिंग भी की और कुर्ला के आसपास निजी सुविधाओं को किराए पर लिया, जहां उन्होंने धीमे गेंदबाजों के खिलाफ अपने खेल को शीर्ष स्तर पर बनाए रखने के लिए पुरानी और कम तैयार की गई लाल मिट्टी की पिचों पर घंटों बल्लेबाजी की अब जब वे टीम में अपनी जगह बनाने में सफल हो गए हैं, देखते हैं कि श्रीलंकाई स्पिनरों से मौका मिलने पर वह कैसे डील करते हैं.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: आखिर कैसे एकाएक खुल गया सरफराज खान के लिए भारतीय टीम का दरवाजा? जानिए 3 बड़े कारण