शुभमन गिल (नाबाद 223 रन) के वनडे में सबसे तेज दोहरे शतक और रोहित शर्मा की 75 गेंद में 101 रन की पारी से भारत ने बुधवार को दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. वेस्टइंडीज के अब तक के सबसे बड़े वनडे स्कोर सात विकेट पर 405 रन के जवाब में भारत ने गिल के 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन (26 चौके, आठ छक्के) और रोहित के 35वें शतक (75 गेंदों पर 101 रन, 10 चौके, छह छक्के) की बदौलत शानदार जीत दर्ज की. जिसमें सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 255 रन जोड़े.
सबसे तेज 150 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
शुभमन गिल ने सिर्फ 89 गेंदों में 150 रन पूरे किए. यह गेंदों के हिसाब से वनडे में किसी भारतीय बल्लेबाज के लिए सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड था. इस लिस्ट में ईशान किशन (103 गेंदें) और विराट कोहली (106 गेंदें) गिल से पीछे हैं.
वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक
इसके बाद गिल ने सिर्फ 117 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा. यह गेंदों के आधार पर सबसे तेज दोहरा शतक रहा. इस मामले में ईशान किशन (126 गेंदें) और ग्लेन मैक्सवेल (128 गेंदें) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.
भारतीय बल्लेबाजों में दूसरा सबसे तेज लिस्ट-ए दोहरा शतक
117 गेंदों में बना यह दोहरा शतक, सभी लिस्ट-ए क्रिकेट में संयुक्त रूप से चौथा सबसे तेज दोहरा शतक है. सिर्फ 2022/23 में बेंगलुरु में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ तमिलनाडु के लिए एन. जगदीसन की 114 गेंदों वाली पारी ही किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा इससे तेज पारी है.
भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी
इस पारी में शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के साथ वनडे में भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड भी बना दिया. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 255 रन जुटाए. फिलहाल इस मामले में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली (बनाम केन्या, साल 2001) की जोड़ी टॉप पर है.
एक कैलेंडर ईयर में दूसरी 150+ रन की पारी
14 बल्लेबाजों ने एक कैलेंडर ईयर में दो बार 150+ रन बनाए हैं. इनमें से सात भारतीय बल्लेबाज हैं. सौरव गांगुली (1999), गौतम गंभीर (2009), सचिन तेंदुलकर (2009), वीरेंद्र सहवाग (2011), विराट कोहली (2018), रोहित शर्मा (2018) और शुभमन गिल (2026) यह कारनामा कर चुके हैं.
रन चेज में वनडे इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
यह वनडे क्रिकेट में रनों का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी है. इस मामले में गिल ने ग्लेन मैक्सेव को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के विरुद्ध रनों का पीछा करते हुए 201 रन की नाबाद पारी खेली थी.
वनडे इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
शुभमन गिल वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर के मामले में तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में गिल से रोहित शर्मा (264 बनाम श्रीलंका) और मार्टिन गुप्टिल (237* बनाम वेस्टइंडीज) आगे हैं.
एक से अधिक वनडे दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
223 रन की इस पारी के साथ शुभमन गिल, रोहित शर्मा (3) के बाद वनडे क्रिकेट में एक से अधिक दोहरे शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए.
ये भी पढ़ें- जो शुभमन गिल ने किया, वह न सचिन कर सके, न सहवाग न ही विराट, बड़ा कारनामा, 51 साल में इकलौते भारतीय