पाकिस्तानी पूर्व दिग्गज क्रिकेटर शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने मौजूदा इंग्लिश ऑलराउंडर विल जैक्स (Will Jacks) की जमकर सराहना की है. 27 वर्षीय जैक्स ने दूसरे सेमी फाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. यहां उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो अहम विकेट चटकाए थे. उसके बाद बल्लेबाजी के दौरान 20 गेंदों में तेजी से 35 रन बनाने में कामयाब हुए थे. हालांकि, उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद इंग्लिश टीम कामयाबी हासिल नहीं कर पाई और भारत के खिलाफ उसे सेमी फाइनल मुकाबले में सात रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा था.
शोएब अख्तर ने विल जैक्स की सराहना की
अख्तर ने टैपमैड के यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा, 'लेकिन फिर से विल जैक्स! उन्होंने एक बार फिर गेंदबाजी में कमाल किया और दो विकेट चटकाए. वह एक अद्भुत खिलाड़ी हैं. वह रन भी बनाते हैं. गोरों का हार्दिक पंड्या है. वह हमेशा योगदान देता है.'
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा विल जैक्स का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जरूर इंग्लैंड की टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है. मगर विल जैक्स का प्रदर्शन सराहनीय रहा. उन्होंने अपनी टीम की तरफ से टूर्नामेंट में कुल आठ मुकाबले खेले. इस बीच वह आठ पारियों में 226 रन बनाने में कामयाब रहे. वहीं गेंदबाजी का दौरान वह इतने ही मुकाबलों की सात पारियों में नौ विकेट चटकाने में कामयाब रहे.
विल जैक्स का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
विल जैक्स ने खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड क्रिकेट टीम की तरफ से कुल 40 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 34 पारियों में 22.50 की औसत से 630 रन निकले हैं. वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्होंने 16 पारियों में 19.50 की औसत से 16 सफलता प्राप्त की है.
यह भी पढ़ें- नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए क्यों होती है दिक्कत? फाइनल से पहले जानें भारत का रिकॉर्ड














